• Hindi News
  • National
  • Kejriwal Said Instead Of Boycotting Chinese Goods, We Are Increasing Trade

केजरीवाल बोले- चीन आंखें दिखा रहा-हम उसका व्यापार बढ़ा रहे:हमें अपनों की चिंता नहीं, चीन को मालामाल कर रहे

नई दिल्ली5 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में झंडा फहराया। इस दौरान उन्होंने चीन के रूख पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। दिल्ली सीएम ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जान की बाजी लगाकर हमें आजादी दिलवाई। इसे बनाए रखने की जिम्मेदारी हम पर है।

ऐसे में दो बातें अहम हो जाती हैं। एक तरफ हम मीडिया में पढ़ते हैं कि हमारी सीमाओं पर चीन कुछ सालों से हमें आंखें दिखा रहा है। यह हम सबके लिए चिंता की बात है। हमारे सैनिक उनका मुकाबला करने में पीछे नहीं हैं, लेकिन हमारा भी फर्ज बनता है कि उनका साथ दें। हम चीन के सामान का बहिष्कार करें, लेकिन हम उसका व्यापार बढ़ा रहे हैं।2020 में भारत ने चीन से 65 बिलियन और 2021 में 95 बिलियन डॉलर का सामान खरीदा गया। हमें अपनों की चिंता नहीं, हम चीन को मालामाल बना रहे हैं।

बीते कुछ सालों में 12 लाख व्यापारियों ने छोड़ा देश
केजरीवाल ने कहा कि हम जो सामान उनसे खरीद रहे हैं, यह सब हमारे यहां भी बन सकता और बना भी रहे हैं। इससे अपने लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ सालों से करीब 12 लाख व्यापारी केंद्र सरकार की नीतियों से परेशान होकर देश छोड़ गए।

सीएम बोले- दिल्ली में महंगाई सबसे कम
केजरीवाल ने कहा कि हमने पिछले 7-8 सालों में दिल्ली में हमने बहुत काम किया। केंद्र की रिपोर्ट भी कहती है कि दिल्ली में सबसे कम महंगाई है। दिल्ली में महंगाई की दर सिर्फ 3% है। यहां बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा मुफ्त है। महिलाओं की बस यात्रा, बुजुर्गों की तीर्थ यात्रा और राशन भी फ्री है। मेरी केंद्र से अपील है कि पिछले एक साल में खाने पीने की कई चीजों पर GST लगा दिया गया।

दूध-दही भी महंगी हो गई। इन चीजों से GST हटाई जाए। जीएसटी की जटिल प्रक्रिया को सरल करके व्यापारियों की मदद करनी चाहिए। अभी 3-4 दिन पहले मैं तेलंगाना गया था। वहां सभी की आंखों का मुफ्त चेकअप किया जा रहा है। 4 करोड़ लोगों की चिंता सरकार कर रही है। हम भी दिल्ली में ऐसा करेंगे।

भाजपा बोली- केजरीवाल ने कभी सेना का मनोबल नहीं बढ़ाया
भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल ने गणतंत्र दिवस समारोह में जो कहा वह दुर्भाग्यपूर्ण है। वे पिछले 8 साल से दिल्ली के एलजी से सत्ता संघर्ष में उलझे हुए हैं। लेकिन उन्होंने गणतंत्र दिवस समारोह के मंच से भी एलजी को लेकर बयानबाजी कर उन्होंने साबित कर दिया कि वे कल भी अराजक थे, आज भी अराजक हैं और कल भी अराजक ही रहेंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आज तक सेना का मनोबल बढ़ाने वाले दो शब्द नहीं कहे। वे अक्सर सेना पर सवाल उठाते रहते हैं और उसके पराक्रम के सबूत मांगते रहते हैं।