राजधानी दिल्ली में प्रदूषण को लेकर केंद्र सरकार और आम आदमी पार्टी आमने-सामने हैं। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को AAP सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आप की वजह से दिल्ली 'गैस चेंबर' बन चुकी है। इस पर पटलवार करते हुए दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार हमारे नेताओं पर केस करवाती है। बस सहयोग नहीं करती।
पंजाब में पराली जलाने के मामलों में इजाफा
केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और हवा की खराब होती गुणवत्ता को लेकर एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- आज की अगर बात करूं तो पंजाब, जहां AAP की सरकार है, में खेतों में आग लगाने की घटनाओं में 19% का इजाफा हुआ है। जबकि हरियाणा में ऐसी घटनाओं में 30.6% की गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने लिखा- आज भी पंजाब में खेतों में आग लगाने की कुल 3 हजार 634 घटानाएं सामने आई हैं। अब ऐसे में ये तो साफ है कि दिल्ली में प्रदूषण की जो हालत है,उसके लिए जिम्मेदार कौन है?
इशारों-इशारों में लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
भूपेंद्र यादव ने इशारों-इशारों में ही पंजाब की आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार का भी आरोप लगा दिया। उन्होंने कहा- बीते 5 सालों में केंद्र सरकार ने पंजाब सरकार को 1347 करोड़ रुपए दिए थे, ताकि राज्य सरकार कृषि उपकरणों की खरीद कर सके। हमे मिली जानकारी के अनुसार राज्य सरकार ने 1 लाख 20 हजार मशीनें खरीदीं जिनमें से 11 हजार 275 मशीनें गायब हो गईं, इनका अभी तक कोई अतापता नहीं लग सका है। जिस तरह से केंद्र द्वारा दिए पैसों का इस्तेमाल किया गया है वो साफ तौर पर बताता है कि सब कुछ ठीक नहीं है।
आप का पलटवार, केंद्र सरकार राजनीति करती है
उधर, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों को धोखा दिया है। केंद्र ने किसानों को अगर इंसेटिव दिया होता तो किसान पराली नहीं जलाता। दिल्ली और पंजाब सरकार मिलकर इंसेंटिव देने को तैयार थे, लेकिन केंद्र सरकार ने मना कर दिया। भाजपा सिर्फ राजनीति करने का काम कर रही है। दिल्ली की जनता से मेरा निवेदन है कि अपना पूरा सहयोग दें, आपके आसपास अगर कंस्ट्रक्शन हो रहा है तो ग्रीन दिल्ली एप पर शिकायत कीजिये, तुरंत एक्शन लिया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.