- दावा 3 करोड़ श्रद्धालु लगाएंगे डुबकी, मध्य रात्रि से ही पवित्र स्नान शुरू किया
- स्नान के लिए बनाए गए 41 घाटों पर डुबकी लगा रहे श्रद्धालु
प्रयागराज (इलाहाबाद). कुंभ मेले का आज तीसरा और अंतिम शाही स्नान है। वसंत पंचमी के पवित्र मौके पर मध्यरात्रि से श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में स्नान शुरू कर दिया। सभी 13 अखाड़ों ने शाही स्नान कर लिया है। मेला प्रशासन के मुताबिक, शाम तीन बजे तक दो करोड़ श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में मोक्ष की कामना के साथ स्नान किया है। यह आंकड़ा रात तक तीन करोड़ पहुंच जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं व संतों पर हेलीकॉप्टर के जरिए पुष्प वर्षा की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुंभ मेले में आए सभी श्रद्धालुओं को वसंत पंचमी की हार्दिक बधाई दी है।
शाही स्नान के लिए सुबह सबसे पहले श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी और श्री पंचायती अटल अखाड़ा अपने शिविर से निकले। हर-हर महादेव, जय श्रीराम के उद्घोष के साथ दोनों अखाड़ों के संत कतारबद्ध होकर संगम पहुंचे। सुबह 6:15 बजे महानिर्वाणी और अटल अखाड़ा के संतों ने संगम घाट पर तीसरा शाही स्नान किया। इसके बाद निरंजनी अखाड़ा, आनंद अखाड़ा, जूना, आवाहन, अग्नि, निर्वाणी अनि, दिगंबर और निर्मोही अखाड़े के संतों ने शाही स्नान किया।
मनोज तिवारी समेत भाजपा सांसदों ने लगाई डुबकी
भाजपा के सांसद मनोज तिवारी के अलावा केंद्रीय मंत्री और निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर साध्वी निरंजन ज्योति, भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने भी वसंत पंचमी पर शाही स्नान किया। इस दौरान मनोज तिवारी ने कहा कि, उन्होंने केंद्र में दोबारा भाजपा की सरकार व नरेंद्र मोदी के पीएम बनने की कामना के साथ संगम में डुबकी लगाई है।
मेला प्रशासन ने घाटों पर स्नान के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। जाल के साथ बैरीकेडिंग की गई है। पैरा मिलिट्री की 15 कंपनियां, आरएएफ, बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी, आईटीबीपी और अन्य अर्धसैनिक बलों की 37 कंपनियां तैनाती की गई हैं। एनडीआरएफ की 11 कंपनियां मुस्तैद हैं। होमगार्ड के 12 हजार जवानों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। 111 घुड़सवार पुलिस घाटों से लेकर संगम तक निगरानी कर रहे हैं।
आग से मचा हड़कंप
कुंभ मेला परिसर में रविवार दोपहर आग लगने से हड़कंप मच गया। सेक्टर 14 के एक टैंट में आग लग गई। इसकी सूचना पर पहुंची कई दमकल की गाड़ियां ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कल तक वाहनों पर रोक
शहर में नौ फरवरी की रात 12 बजे से दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इसके अलावा आठ से 11 फरवरी तक चार पहिया वाहन भी नहीं चलेंगे। उधर, मेला क्षेत्र में जरूरी वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का प्रवेश शुक्रवार सुबह आठ बजे से ही रोक दिया गया है। जिले में भारी कमर्शियल वाहनों का प्रवेश 8 फरवरी की सुबह 5 बजे से 12 फरवरी की रात 11 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
अखाड़ों के स्नान का समय
अखाड़ा | घाट पर आगमन |
श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी | 06.15 बजे |
श्री पंचायती अटल अखाड़ा | 06.15 बजे |
श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा | 07.05 बजे |
तपोनिधि श्री पंचायती आनंद अखाड़ा | 07.05 बजे |
श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा | 08.00 बजे |
श्री पंच दशनाम आह्वान अखाड़ा | 08.00 बजे |
श्री शंभू पंच अग्नि अखाड़ा | 08.00 बजे |
अखिल भारतीय श्री पंच निर्वाणी अनी अखाड़ा | 10.40 बजे |
अखिल भारतीय श्री दिगंबर अनी अखाड़ा | 11.20 बजे |
अखिल भारतीय श्री पंच निर्मोही अनी अखाड़ा | 12.20 बजे |
श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन | 13.15 बजे |
श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन | 14.20 बजे |
श्री पंचायती अखाड़ा निर्मला | 15.40 बजे |
कुंभ के प्रमुख स्नान
तारीख | पर्व |
10 फरवरी 2019 | वसंत पंचमी (तीसरा शाही स्नान) |
19 फरवरी 2019 | माघ पूर्णिमा |
4 मार्च 2019 | महाशिवरात्रि |