आज देश में लगातार पांचवें दिन 2 लाख से ज्यादा नए मरीज सामने आए हैं। सोमवार को 2 लाख 56 हजार 828 लोग संक्रमित हुए हैं। 1757 लोगों ने जान गंवाई है, जबकि 1,54,234 लोग ठीक भी हुए हैं। वहीं, एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 20 लाख 24 हजार 629 पहुंच गया।
वहीं, महाराष्ट्र में लॉकडाउन का असर दिखने लगा है। रविवार के मुकाबले सोमवार को 10 हजार कम संक्रमित मिले हैं। राज्य में आज 58,924 मरीज सामने आए। 52,412 मरीज ठीक हुए और 351 की मौत हो गई। रविवार को यहां करीब 69 हजार लोग संक्रमित पाए गए थे तो 503 लोगों की मौत हुई थी।
UP में लखनऊ- वाराणसी समेत पांच शहरों में लॉकडाउन
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उत्तर प्रदेश के 5 बड़े शहरों में पूर्ण लॉकडाउन का निर्देश दिया है। कोर्ट ने लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर में 26 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाने का आदेश दिया है।
उत्तर प्रदेश कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सोमवार को वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई हुई। इस दौरान जस्टिस सिद्धार्थ वर्मा और जस्टिस अजीत कुमार की डिवीजन बेंच ने प्रदेश के सबसे ज्यादा कोविड-19 प्रभावित इन 5 शहरों में 26 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाने का आदेश दिया है।
इससे पहले भी कोर्ट ने यूपी सरकार को लॉकडाउन का सुझाव दिया था। इसके बाद ही यूपी सरकार ने प्रदेश के कई जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाया था।
20 लाख के करीब पहुंचा एक्टिव मरीजों का आंकड़ा
देश में एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 20 लाख के पार हो गया है। एक्टिव मरीज वो हैं जिनका अभी इलाज चल रहा है, बाकी या तो ठीक हो चुके हैं या फिर उनकी मौत हो गई है। दूसरी ओर भारत में कोरोना की चपेट में आने वालों का आंकड़ा भी रविवार को डेढ़ करोड़ के पार हो गया। अब तक 1 करोड़ 50 लाख 57 हजार 767 लोग संक्रमित हो चुके हैं। थोड़ी राहत की बात ये है कि इनमें 1 करोड़ 29 लाख 48 हजार 848 लोग ठीक भी हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 78 हजार 793 हो गई है। इस तरह से अभी 19 लाख 23 हजार 877 एक्टिव केस यानी ऐसे मरीज जिनका अभी इलाज चल रहा है। एक्टिव केस का ये आंकड़ा अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा है।
24 घंटे में 2.74 लाख नए मरीज मिले
देश में बिगड़ते हालात का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि हर दिन कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा नया रिकॉर्ड बना रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 2 लाख 74 हजार 944 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इस बीच, 1 लाख 43 हजार 701 लोग रिकवर हुए, जबकि 1620 मरीजों ने दम तोड़ दिया। अब हर 10 लाख की आबादी में 11 हजार लोग संक्रमित मिल रहे हैं, जबकि 129 लोग जान गंवा रहे हैं।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
दिल्ली में आज से 26 अप्रैल तक लॉकडाउन
देश की राजधानी दिल्ली में आज रात 10 बजे से 26 अप्रैल की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल के साथ हुई बैठक के बाद इसका ऐलान कर दिया।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘दिल्ली में चौथी लहर आई है। तीसरी लहर में रोजाना साढ़े आठ हजार मामले आ रहे थे। दुनिया के कई बड़े शहरों में छह हजार मामलों में हेल्थ सिस्टम चरमरा गया था। अब चौथी लहर में दिल्ली में रोजाना 25 हजार केस आ रहे हैं तो हमारा हेल्थ सिस्टम तनाव में आ गया है। यह अपनी सीमा पर पहुंच गया है। इसके बाद कठोर कदम नहीं उठाए गए तो सिस्टम चरमरा जाएगा। कल एक अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म हो गई। वहां बड़ा हादसा होते-होते बचा।’’
79.25% नए मरीज अकेले 10 राज्यों में मिले
रविवार को कोरोना के 79.25% मामले देश के 10 राज्यों बढ़े। इनमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 68,631, उत्तर प्रदेश में 30,566, दिल्ली में 25,462, कर्नाटक में 19,067, केरल में 18,257, छत्तीसगढ़ में 12,345, मध्यप्रदेश में 12,248, तमिलनाडु में 10,723, राजस्थान में 10,514 और गुजरात में 10,340 केस मिले। इन्हीं राज्यों में सबसे ज्यादा लोगों की मौतें भी हुई हैं। महाराष्ट्र में 503 लोगों ने दम तोड़ दिया। दिल्ली में 161 और उत्तर प्रदेश में 127 मौतें दर्ज की गईं।
कोरोना अपडेट्स
प्रमुख राज्यों के हाल...
1.महाराष्ट्र
यहां सोमवार को 58,924 नए मरीज मिले। 52,412 मरीज ठीक हुए और 351 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 38.98 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 31.59 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 60,824 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 6.76 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।
2. उत्तर प्रदेश
यहां सोमवार को 28,211 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 10,978 लोग रिकवर हुए और 167 की मौत हो गई। अब तक यहां 8.79 लाख लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 6.61 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,997 मरीजों की मौत हो गई। 2.08 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
3. दिल्ली
राज्य में सोमवार को 23,686 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 21,500 लोग रिकवर हुए और 240 की मौत हो गई। अब तक यहां 9.03 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 7.88 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 12,361 मरीजों की जान चली गई। 76,887 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
4. छत्तीसगढ़
राज्य में सोमवार को 12,345 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इस दौरान 11,815 लोग ठीक हुए और 165 की मौत हो गई। राज्य में 1.29 लाख लोगों का इलाज चल रहा है। कुल 1.13 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि कुल मौतों का आंकड़ा 6,083 पहुंच गया है।
5. मध्यप्रदेश
राज्य में सोमवार को 12,897 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 6,836 लोग रिकवर हुए और 79 की मौत हो गई। अब तक यहां 4.20 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.41 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। 4,636 मरीजों की जान चली गई। 74,558 मरीजों का इलाज चल रहा है।
6. गुजरात
राज्य में सोमवार को 11,403 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 4,179 लोग रिकवर हुए और 117 की मौत हो गई। अब तक यहां 4.15 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.41 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 5,494 मरीजों की मौत हो गई। 68,754 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.