पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
देशभर में कोरोना संक्रमण के नए मामले रोज अपना ही रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। गुरुवार देर रात भारत में 1,31,787 नए पॉजिटिव केस सामने आए, जबकि 802 मरीजों की जान चली गई। इससे एक दिन पहले 1 लाख 26 हजार 265 लोग संक्रमित हुए थे। वहीं, 7 मार्च को भी संक्रमितों का आंकड़ा 1.15 लाख के आसपास था। 4 मार्च को पहली बार 1 लाख 4 हजार नए मामले मिले थे।
राजधानी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल के 37 डॉक्टर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इन सभी डॉक्टरों को टीका लग चुका है। इनमें 32 डॉक्टर होम क्वारैंटाइन हैं, जबकि 5 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, कोरोना के बढ़ते मरीजों को देखते हुए AIIMS दिल्ली में 10 अप्रैल यानी शनिवार से विभिन्न ऑपरेशन थिएटरों में केवल इमरजेंसी सर्जरी ही की जाएगी।
वहीं, केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमान चांडी की कोरोना रिपोर्ट गुरुवार को पॉजिटिव आई है।
राजधानी में 24 घंटे में 7,437 केस आए, इस साल एक दिन में सबसे ज्यादा
उधर, दिल्ली में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के 7,437 केस सामने आए हैं। 42 लोगों की मौत हुई है। नए आंकड़ें सामने आने के बाद दिल्ली में एक्टिव केस की संख्या 23,181 हो गई है। यहां अब तक 6,98,005 लोग कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। मुंबई में गुरुवार को कोरोना के 8,938 केस सामने आए हैं। 23 लोगों की मौत हुई है, वहीं 4,503 मरीज रिकवर भी हुए हैं। यहां अब तक कोरोना के 4,91,698 केस आ चुके हैं। इनमें से 3,92,514 मरीज रिकवर हो गए, जबकि 11,874 की मौत हो गई। यहां 86,279 एक्टिव केस हैं।
UP के 5 जिलों में आज से नाइट कर्फ्यू
उत्तर प्रदेश में कोरोना के मामलों में जबरदस्त इजाफा देखने को मिला है। इसके चलते राज्य सरकार ने राजधानी लखनऊ समेत 5 जिलों में आज से नाइट कर्फ्यू लागू करने का ऐलान कर दिया है। इसमें लखनऊ के अलावा प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर और नोएडा शामिल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हालात का जायजा लेने के लिए इन जिलों में औचक निरीक्षण करने की बात भी कही है।
इसके अलावा बरेली, गोरखपुर‚ मेरठ‚ गौतम बुद्धनगर‚ झांसी‚ गाजियाबाद‚ आगरा‚ सहारनपुर और मुरादाबाद में भी हालात खराब हो रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में इन जिलों में भी कई तरह की पाबंदियां लागू की जा सकती हैं।
इन जिलों में लगा नाइट कर्फ्यू
शहर | तारीख | समय |
लखनऊ | 16 अप्रैल तक | रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक |
प्रयागराज | 20 अप्रैल तक | रात 10 बजे से सुबह आठ बजे तक |
कानपुर | 30 अप्रैल तक | रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक |
वाराणसी | एक सप्ताह यानी 15 अप्रैल तक | रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक |
नोएडा | 17 अप्रैल तक | रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक |
IIT रूड़की में दूसरे दिन 29 छात्र संक्रमित मिले
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) रूड़की में कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। दूसरे दिन भी इंस्टीट्यूट के हॉस्टल में रहने वाले 29 स्टूडेंट्स कोरोना पॉजिटिव पाए गए। अब तक इंस्टीट्यूट के 89 स्टूडेंट्स संक्रमित हो चुके हैं। इंस्टीट्यूट एडमिनिस्ट्रेशन ने बिगड़ते हालात को देखते हुए संस्थान के कोटले भवन, कस्तूरबा भवन, विज्ञान कुंज, सरोजिनी भवन और गोविद भवन को कंटेनमेंट जोन बना दिया है। हॉस्टल में रहने वाले बाकी छात्रों की जांच भी हो रही है।
बुधवार को रिकॉर्ड 1.26 लाख मामले सामने आए
देशभर में कोरोना से हालात खराब होते जा रहे हैं। बुधवार को देश में रिकॉर्ड 1 लाख 26 हजार 265 लोग संक्रमित पाए गए। पिछले साल महामारी शुरू होने के बाद से अब तक ये पहली बार है जब एक दिन के अंदर इतने लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं। इसके पहले 6 अप्रैल को एक दिन के अंदर 1.15 लाख लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
इसके अलावा बुधवार को 684 मरीजों की मौत भी हो गई और 59 हजार 129 लोग रिकवर हुए। इसी के साथ कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा अब 1.29 करोड़ से अधिक हो गया है। इनमें 1.18 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.66 लाख मरीजों की मौत हो गई। 9 लाख 5 हजार मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
प्रधानमंत्री ने वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज भी ले ली। एम्स नई दिल्ली में गुरुवार सुबह उन्होंने कोवैक्सिन की दूसरी डोज लगवाई। पहली डोज उन्होंने 1 मार्च को लगवाई थी। सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करते हुए उन्होंने अन्य लोगों से भी वैक्सीन लगवाने की अपील की। लिखा, 'वैक्सीनेशन उन चंद तरीकों में से एक है जिसके जरिए कोरोना को हराया जा सकता है। इसलिए अगर आप वैक्सीन लगवाने की एलिजिबिलिटी पूरी करते हैं तो तुरंत लगवा लें।'
केवल वैक्सीनेशन से कोरोना को रोक सकते हैं
डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (DST) के सेक्रेटरी और देश के बड़े वैज्ञानिकों में शुमार प्रो. आशुतोष शर्मा ने कहा है कि कोरोना के इस फेज की रफ्तार पहले की अपेक्षा काफी अधिक है। मतलब इस फेज में ज्यादा तेजी से लोगों के बीच संक्रमण फैलेगा। इसे रोकने के लिए केवल बड़े पैमाने पर वैक्सीनेशन ही कारगर साबित होगी। देश की ज्यादातर आबादी के बीच वैक्सीनेशन के बाद संक्रमण का असर कम होने लगेगा।
कोरोना अपडेट्स
प्रमुख राज्यों के हाल...
1. महाराष्ट्र
यहां गुरुवार को 56,286 नए मरीज मिले। 36,130 मरीज ठीक हुए और 376 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 32.29 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 26.49 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 57,028 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 5.21 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।
2. दिल्ली
यहां गुरुवार को 7,437 नए केस आए। 3,363 मरीज ठीक हुए और 42 संक्रमितों की मौत हुई। यहां अब तक 6.98 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। 6.98 लाख ठीक हुए हैं और 11,175 ने जान गंवाई है। अभी 23,181 का इलाज चल रहा है।
3. मध्यप्रदेश
यहां बुधवार को 4,324 नए मरीज मिले। 2,296 लोग ठीक हुए, जबकि 27 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.22 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.90 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,113 की मौत हुई है। फिलहाल 28,060 लोगों का इलाज चल रहा है।
4. गुजरात
यहां गुरुवार को 4,021 नए कोरोना मरीज मिले। 2,197 मरीज ठीक हुए, जबकि 35 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.32 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3.07 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,655 मरीजों की मौत हुई है और फिलहाल 20,473 लोगों का इलाज चल रहा है।
5. पंजाब
यहां गुरुवार को 3,119 नए मरीज मिले। 2,480 ठीक हुए, जबकि 56 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.63 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.29 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 7,334 की मौत हुई है। फिलहाल 26,389 लोगों का इलाज चल रहा है।
6. राजस्थान
यहां बुधवार को 2,801 संक्रमितों की पहचान हुई। 783 मरीज ठीक हुए और 12 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब तक करीब 3.46 लाख मरीज इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3.46 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,866 ने जान गंवाई है। फिलहाल 18,146 मरीजों का इलाज चल रहा है।
पॉजिटिव- आप अपने काम को नया रूप देने के लिए ज्यादा रचनात्मक तरीके अपनाएंगे। इस समय शारीरिक रूप से भी स्वयं को बिल्कुल तंदुरुस्त महसूस करेंगे। अपने प्रियजनों की मुश्किल समय में उनकी मदद करना आपको सुखकर...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.