• Hindi News
  • National
  • London Indian Embassy Attack; FIR Against Khalistani Amritpal Supporter In Delhi

लंदन में खालिस्तान समर्थकों के प्रोटेस्ट पर दिल्ली में FIR:इंडियन हाई कमीशन से तिरंगा हटाया था, गृह मंत्रालय के निर्देश पर स्पेशल सेल जांच करेगी

नई दिल्ली2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
पंजाब में अमृतपाल के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में खालिस्तान समर्थकों ने 19 मार्च को लंदन हाई कमीशन से तिरंगा हटा दिया था। - Dainik Bhaskar
पंजाब में अमृतपाल के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में खालिस्तान समर्थकों ने 19 मार्च को लंदन हाई कमीशन से तिरंगा हटा दिया था।

अमृतपाल सिंह के समर्थन में खालिस्तान समर्थकों ने 19 मार्च को लंदन हाई कमीशन से तिरंगा हटा दिया था। मामले में गृह मंत्रालय के निर्देश पर दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को FIR दर्ज की है। 19 मार्च को हुए इस प्रदर्शन को लेकर इंडियन हाई कमीशन से रिपोर्ट मिलने के बाद गृह मंत्रालय ने मामले की जांच का जिम्मा स्पेशल सेल को सौंपा है।

सूत्रों के मुताबिक, स्पेशन सेल ने भारतीय दंड संहिता (IPC), गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान की रोकथाम अधिनियम (PDPP) के तहत मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदर्शन करने वालों में अधिकतर के पास भारत की नागरिकता भी है, इसलिए उनके खिलाफ भारतीय कानून के हिसाब से कार्रवाई होगी।

खालिस्तान समर्थकों ने बुधवार को दूसरी बार इंडियन हाई कमीशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। कमीशन के स्टाफ ने बील्डिंग पर बड़ा तिरंगा लगाकर इसका जवाब दिया।
खालिस्तान समर्थकों ने बुधवार को दूसरी बार इंडियन हाई कमीशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। कमीशन के स्टाफ ने बील्डिंग पर बड़ा तिरंगा लगाकर इसका जवाब दिया।

लंदन में 19 मार्च के बाद क्या-क्या हुआ, 5 पॉइंट में समझें...

  • पंजाब में वारिस पंजाब दे के जत्थेदार अमृतपाल सिंह के खिलाफ चल रही कार्रवाई के विरोध में रविवार शाम UK में भारतीय दूतावास के बाहर खालिस्तान समर्थक इकट्‌ठा हुए। इन्होंने पहले भारतीयों के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया और फिर दूतावास पर फहराए गए तिरंगे को उतार दिया।
  • लंदन में उच्चायोग में प्रदर्शनकारियों द्वारा भारतीय झंडा उतारने की घटना के संबंध में भारत सरकार ने दिल्ली में UK के राजनयिकों को तलब किया। लंदन में भारतीय उच्चायोग के खिलाफ अलगाववादी और चरमपंथी तत्वों द्वारा की गई कार्रवाई पर भारत के कड़े विरोध को व्यक्त किया गया।
  • मंगलवार को सैकड़ों भारतीय नागरिक (सिख भी शामिल) इंडियन हाई कमीशन के बाहर जुटे और भारत के साथ एकजुटता का संदेश दिया। इस दौरान भारत माता की जय और जय हिंद के नारे गूंजते रहे। प्रदर्शन कर रहे लोग भारतीय फिल्म स्लमडॉग मिलेनियर के ऑस्कर विनिंग सॉन्ग ‘जय हो’ पर झूमते दिखे।
  • UK में भारतीय दूतावास में तैनात राजनयिकों ने विरोध का शांति से जवाब दिया। उन्होंने दोबारा से उसी जगह तिरंगा फहराया। इसके साथ ही दूतावास की बिल्डिंग पर दो मंजिला एक और तिरंगा लगा दिया।
  • इसके बाद बुधवार को लंदन की मेट्रो पुलिस ने यहां सिक्योरिटी के सख्त इंतजाम किए। घुड़सवार पुलिस भी यहां नजर आई। हर जगह बैरिकेडिंग की गई। रविवार को लंदन में इंडियन हाई कमीशन के बाहर खालिस्तानियों के प्रदर्शन के दौरान सिक्योरिटी मौजूद नहीं थी। इससे अलगाववादियों के हौसले बुलंद हो गए थे।

लंदन में तिरंगे का अपमान करने वाला गिरफ्तार

लंदन में पकड़ा गया अवतार सिंह खंडा खालिस्तान लिबरेशन फोर्स से जुड़े रहे कुलवंत सिंह खुखराना का बेटा है।
लंदन में पकड़ा गया अवतार सिंह खंडा खालिस्तान लिबरेशन फोर्स से जुड़े रहे कुलवंत सिंह खुखराना का बेटा है।

लंदन स्थित भारतीय हाई कमीशन के बाहर तिरंगे का अपमान करने वाले खालिस्तानी समर्थक अवतार सिंह खंडा को ब्रिटेन में गिरफ्तार कर लिया गया। खंडा प्रतिबंधित ग्रुप बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) का सदस्य है। वहीं पंजाब में चल रही जांच में भी सामने आ रहा है कि खंडा ही अमृतपाल का हैंडलर है।

खंडा पाकिस्तान में छिप कर बैठे BKI के प्रमुख सदस्य परमजीत सिंह पम्मा का खास है। पम्मा के आदेश पर खंडा ने अमृतपाल सिंह को पंजाब में खालिस्तान मिशन के लिए तैयार किया। इसके बाद जॉर्जिया में अमृतपाल की ट्रेनिंग हुई। अमृतपाल ने यहां सिख धर्म की जरूरी बातें सीखीं। अमृतपाल के भारत वापस आने पर सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए उसे युवाओं में पॉपुलर किया गया।

लंदन के बाद अमेरिका में भी खालिस्तान समर्थकों ने इंडियन कॉन्स्यूलेट पर हमला किया

लंदन में रविवार को भारतीय हाई कमीशन में तिरंगे के अपमान के बाद खालिस्तान समर्थकों ने अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में इंडियन कॉन्स्यूलेट पर हमला किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- रविवार को यहां भी खालिस्तान समर्थक जुटे। इन लोगों ने स्प्रे पेंट्स से अमृतपाल को रिहा करो.. लिख दिया। इन लोगों ने कॉन्स्यूलेट के गेट्स तोड़ दिए। वहां खालिस्तान के झंडे लगा दिए। भारतीय अमेरिकियों ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ​​​ पूरी खबर पढ़ें..

खालिस्तान समर्थकों के विरोध से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें...

UK में भारतीय दूतावास पर तिरंगे का अपमान, खालिस्तानी समर्थकों ने पहले प्रदर्शन किया, फिर खींच कर उतारा

पंजाब में वारिस पंजाब दे के जत्थेदार अमृतपाल सिंह के खिलाफ चल रही कार्रवाई का विरोध विश्व में फैले खालिस्तानी समर्थक कर रहे हैं। रविवार शाम UK में भारतीय दूतावास के बाहर खालिस्तानियों ने प्रदर्शन के बाद तिरंगे का अपमान कर दिया। तुरंत कार्रवाई करते हुए भारत ने UK के सीनियर राजनयिक को सम्मन भेज दिया है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

लंदन में खालिस्तानियों के खिलाफ विरोध:सैकड़ों भारतीय तिरंगा लेकर इंडियन हाई कमीशन पहुंचे

लंदन में रविवार को इंडियन हाई कमीशन पर खालिस्तानियों के हमले के बाद तस्वीर का दूसरा पहलू दिखा। मंगलवार को सैकड़ों भारतीय नागरिक (सिख भी शामिल) इंडियन हाई कमीशन के बाहर जुटे और भारत के साथ एकजुटता का संदेश दिया। इस दौरान भारत माता की जय और जय हिंद के नारे गूंजते रहे। प्रदर्शन कर रहे लोग भारतीय फिल्म स्लमडॉग मिलेनियर के ऑस्कर विनिंग सॉन्ग ‘जय हो’ पर झूमते दिखे। पूरी खबर यहां पढ़ें...