महाराष्ट्र में CM एकनाथ शिंदे के शपथ ग्रहण के 39 दिन बाद यानी मंगलवार को मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। इसकी तैयारियों की सुगबुगाहट भी शुरू हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट विस्तार को देखते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को अपने सभी दौरे रद्द कर दिए हैं। वे नांदेड़ और हिंगोली जाने वाले थे।
वहीं सचिवालय कर्मचारियों की मुहर्रम की छुट्टी भी कैंसिल कर दी गई है। बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल में कुल 14 मंत्री शामिल होंगे। इनमें भाजपा और शिंदे गुट से 7-7 मंत्रियों को शपथ दिलाने की तैयारी है। एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने 30 जून को मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
कैबिनेट विस्तार को दिल्ली हाईकमान से मंजूरी
कैबिनेट विस्तार को लेकर सोमवार को शिंदे और फडणवीस के बीच बैठक हुई। दिल्ली हाईकमान से भी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। कुल मिलाकर नए मंत्रिमंडल को लेकर सब कुछ फाइनल हो चुका है।
भाजपा खेमे से सुधीर मुनगंटीवार, चंद्रकांत पाटिल, गिरीश महाजन को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। वहीं शिंदे खेमे से गुलाब राव पाटिल, सदा सावरकर, दीपक केसरकर को मौका दिया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस को गृह विभाग दिया जा सकता है।
बुधवार से विधानसभा का मानसून सत्र
महाराष्ट्र विधानसभा का मानसून सत्र 10 से 18 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। विधानमंडल सचिवालय ने मानसून सत्र से पहले की तैयारियों के लिए छुट्टियां कैंसिल कर दी हैं। सचिवालय की ओर से सोमवार को जारी एक आदेश के मुताबिक, 9 से 18 अगस्त तक कर्मचारियों की सभी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और उन्हें कार्यालय में उपस्थित रहने को कहा गया है।
तेलंगाना में 2 महीने, तो कर्नाटक में 3 हफ्ते तक नहीं हुआ था कैबिनेट विस्तार
13 दिसंबर, 2018 को तेलंगाना के CM बनने के बाद के. चंद्रशेखर राव ने दो महीने से अधिक समय तक मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं किया था। उन्होंने गृह मंत्री मोहम्मद महमूद के साथ 68 दिनों तक सरकार चलाई थी। बाद में 19 फरवरी, 2019 को कैबिनेट विस्तार हुआ।
वहीं, कर्नाटक के तत्कालीन मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने 26 जुलाई, 2019 को सरकार बनाने के बाद 3 हफ्ते तक अकेले सरकार चलाई थी। महाराष्ट्र के डिप्टी CM फडणवीस ने कैबिनेट विस्तार में देरी पर कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी (MVA) सरकार ने 40 दिन तक 7 सदस्यीय कैबिनेट के साथ काम किया।
'शिवसेना किसकी' पर सुनवाई 12 अगस्त को
शिवसेना पर अधिकार और 16 बागी विधायकों की अयोग्यता के मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में आज होने वाली सुनवाई टल गई है। अब इस मामले पर 12 अगस्त को सुनवाई होगी। इस मामले को 5 जजों की बेंच को सौंपना चाहिए या नहीं? इसे लेकर भी दलीलें सुनी जाएंगी।
चार दिन पहले पिछली सुनवाई पर CJI ने चुनाव आयोग के वकील से कहा था कि दोनों पक्ष चुनाव आयोग में सोमवार यानी आज हलफनामा दे सकते हैं। अगर कोई पक्ष समय की मांग करता है, तो आयोग उस पर विचार करे। पूरी खबर यहां पढ़ें...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.