रत्नागिरी. महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे, ठाणे, नासिक, रत्नागिरी समेत कई इलाकों में बुधवार को तेज बारिश हो रही है। रत्नागिरी जिले में पानी के ओवरफ्लो की वजह से देर रात तिवरे बांध टूट गया। इससे पास बसे 7 गांव डूब गए हैं। नौ की मौत हो गई और 24 लोग लापता हैं। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि बांध के पास बने 12 घर पानी में बह गए।
स्थानीय प्रशासन, पुलिस और वॉलंटियर्स के अलावा नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ) बचाव और राहत कार्य में जुटी है। इनका कहना है कि मरने वालों की तादाद बढ़ सकती है। तिवरे बांध साल 2000 में बना था। स्थानीय लोगों का दावा है कि उन्होंने दो साल पहले जिला प्रशासन को इसमें पानी रिसने की जानकारी दी थी, लेकिन कोई मरम्मत नहीं हुई। उधर, मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में बुधवार को तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मुंबई लगातार 6 दिन से बारिश हो रही
मुंबई में तीन तेज बारिश
1974 | 24 घंटे में 22 इंच | 0.94 इंच/घंटा |
2005 | 24 घंटे में 37 इंच | 1.5 इंच/घंटा |
2019 | 5 घंटे में 15 इंच | 3.0 इंच/घंटा |
देश: मानसून राजस्थान पहुंचा, 3 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मानसून ने मंगलवार दोपहर राजस्थान में दस्तक दे दी। पश्चिमी मप्र, विदर्भ, कोंकण, गोवा में बुधवार को भारी बारिश हो सकती है। 5 और 6 जुलाई को मप्र, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, अरुणाचल प्रदेश और नॉर्थईस्ट में बारिश के आसार हैं।
मुंबई के ऊपर छह वेदर सिस्टम बनने से लगातार बारिश हो रही
मुंबई में मौसम विभाग की वैज्ञानिक शुभांगी भुते ने बताया, \"बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से मुंबई और उसके आसपास हवाओं का ईस्टवेस्ट शेयर जोन गया है। इसे मिजो स्केल कन्वेक्टिव सिस्टम कहते हैं। आमतौर पर इसकी लाइफ दो घंटे होती है। मुंबई में ऐसे छह सिस्टम बनने से लगातार छह दिन से भारी बारिश हो रही है। अभी मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में 5 जुलाई तक भारी बारिश होने के आसार हैं। पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे इन क्षेत्रों में पहाड़ी और समुद्री इलाकों में न जाएं।\"
35 विमान उड़ान नहीं भर सके- अधिकारी
अधिकारी ने बताया- मुंबई एयरपोर्ट का मुख्य रनवे बंद होने के कारण मंगलवार शाम तक 75 फ्लाइट रद्द हुईं। 40 विमानों पर एयरपोर्ट पर आने से रोका गया जबकि 35 विमान उड़ान नहीं भर सके। मुंबई एयरपोर्ट देश का दूसरा सबसे ज्यादा व्यस्त रहने वाला एयरपोर्ट है। यहां हर दिन 1 हजार फ्लाइट्स की आवाजाही होती है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.