मन की बात का 94वां एपिसोड:PM मोदी ने दी छठ की बधाई, बोले- यह त्योहार स्वच्छता पर जोर देता है

नई दिल्ली7 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने मासिक प्रोग्राम मन की बात में देश को संबोधित किया। मन की बात का यह 94वां एपिसोड है। पीएम ने सबसे पहले देश वासियों को छठ की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह त्योहार स्वच्छता पर जोर देता है। इसके बाद उन्होंने ने सोलर एनर्जी, स्पेस सेक्टर, स्टूडेंट पावर पर भी बात की।

पीएम ने कहा कि आज देश के कई हिस्सों में सूर्य उपासना का महापर्व छठ मनाया जा रहा है। छठ पर्व का हिस्सा बनने के लिए लाखों श्रद्धालु अपने गांव, अपने घर, अपने परिवार के बीच पहुंचे हैं। मेरी प्रार्थना है कि छठ मैया सबकी समृद्धि, सबके कल्याण का आशीर्वाद दें। उन्होंने कहा कि सूर्य उपासना की परंपरा इस बात का प्रमाण है कि हमारी संस्कृति, हमारी आस्था का, प्रकृति से कितना गहरा जुड़ाव है। इस पूजा के जरिए हमारे जीवन में सूर्य के प्रकाश का महत्व समझाया गया है। साथ ही ये सन्देश भी दिया गया है कि उतार-चढ़ाव, जीवन का अभिन्न हिस्सा है।

पीएम ने कहा कि दिल्ली, मुंबई और गुजरात के कई हिस्सों में छठ का बड़े पैमाने पर आयोजन हो रहा है।
पीएम ने कहा कि दिल्ली, मुंबई और गुजरात के कई हिस्सों में छठ का बड़े पैमाने पर आयोजन हो रहा है।

'छठ का पर्व 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' का उदाहरण'
उन्होंने कहा कि छठ का पर्व 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' का भी उदाहरण है। आज बिहार और पूर्वांचल के लोग देश के जिस भी कोने में हैं, वहां धूमधाम से छठ का आयोजन हो रहा है। दिल्ली, मुंबई समेत महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों और गुजरात के कई हिस्सों में छठ का बड़े पैमाने पर आयोजन होने लगा है। पहले गुजरात में उतनी छठ पूजा नहीं होती थी, लेकिन समय के साथ आज करीब-करीब पूरे गुजरात में छठ पूजा के रंग नजर आने लगे हैं। ये देखकर मुझे भी बहुत खुशी होती है। आजकल हम देखते हैं, विदेशों से भी छठ पूजा की कितनी भव्य तस्वीरें आती हैं।

भारत सोलर एनर्जी से बिजली बनाने वाले बड़े देशों में शामिल सोलर एनर्जी का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि सूर्य देव का ये वरदान है - 'सौर ऊर्जा'। सोलर एनर्जी आज एक ऐसा विषय है, जिसमें पूरी दुनिया अपना भविष्य देख रही है और भारत के लिए तो सूर्य देव सदियों से उपासना ही नहीं, जीवन पद्धति के भी केंद्र में रह रहे हैं। भारत, आज अपने पारंपरिक अनुभवों को आधुनिक विज्ञान से जोड़ रहा है, तभी, आज हम, सौर ऊर्जा से बिजली बनाने वाले सबसे बड़े देशों में शामिल हो गए हैं। सौर ऊर्जा से कैसे हमारे देश के गरीब और मध्यम वर्ग के जीवन में बदलाव आ रहा है, वो भी अध्ययन का विषय है।

मोढेरा गांव के ज्यादातर घर, सोलर पावर से बिजली पैदा कर रहे।
मोढेरा गांव के ज्यादातर घर, सोलर पावर से बिजली पैदा कर रहे।

देश का पहला सूर्य गांव गुजरात का मोढेरा
पीएम ने कहा कि आपने कुछ दिन पहले, देश के पहले सूर्य गांव- गुजरात के मोढेरा की खूब चर्चा सुनी होगी। मोढेरा सूर्य ग्राम के ज्यादातर घर, सोलर पावर से बिजली पैदा करने लगे हैं। अब वहां के कई घरों में महीने के आखिर में बिजली का बिल नहीं आ रहा, बल्कि, बिजली से कमाई का चेक आ रहा है। पीएम ने यहां के लोगों से भी बात की।

पीएम ने स्पेस में लॉन्च हुई 36 सैटेलाइट्स के लिए बधाई दी
पीएम ने कहा कि हमारा देश, सोलर सेक्टर के साथ ही स्पेस सेक्टर में भी कमाल कर रहा है। पूरी दुनिया, आज भारत की उपलब्धियां देखकर हैरान है। भारत ने एक साथ 36 सैटेलाइट्स को अंतरिक्ष में स्थापित किया है। दीपावली से ठीक एक दिन पहले मिली ये सफलता एक प्रकार से ये हमारे युवाओं की तरफ से देश को एक स्पेशल दिवाली गिफ्ट है।

इसरो ने 23 अक्टूबर रात 12:07 बजे इन सैटेलाइट्स को लॉन्च किया था।
इसरो ने 23 अक्टूबर रात 12:07 बजे इन सैटेलाइट्स को लॉन्च किया था।

PM ने कहा कि मुझे वो पुराना समय भी याद आ रहा है, जब भारत को क्रायोजेनिक रॉकेट टेक्नोलॉजी देने से मना कर दिया गया था। लेकिन भारत के वैज्ञानिकों ने ना सिर्फ स्वदेशी टेक्नोलॉजी विकसित की बल्कि आज इसकी मदद से एक साथ दर्जनों सैटेलाइट्स अंतरिक्ष में भेज रहा है। इस लॉन्चिंग के साथ भारत ग्लोबल कमर्शियल मार्केट में एक मजबूत प्लेयर बनकर उभरा है। इससे, अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत के लिए अवसरों के नए द्वार भी खुले हैं। भारत में पहले स्पेश सेक्टर, सरकारी व्यवस्थाओं के दायरे में ही सिमटा हुआ था। जब ये स्पेस सेक्टर भारत के युवाओं के लिए, भारत के प्राइवेट सेक्टर के लिए खोल दिया गया तब से इसमें क्रांतिकारी परिवर्तन आने लगे हैं।

भारतीय इंडस्ट्री और स्टार्टअप्स इस क्षेत्र में नए-नए इनोवेशन और नई-नई टेक्नोलॉजी लाने में जुटे हैं। खासकर, IN-SPACe के सहयोग से इस क्षेत्र में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। इसके जरिए गैर–सरकारी कंपनियों को भी अपने पेलोड और सैटेलाइट लॉन्च करने की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा- मैं ज्यादा से ज्यादा स्टार्टअप्स और इनोवेटर से आग्रह करूंगा कि वे स्पेस सेक्टर में भारत में बन रहे इन बड़े अवसरों का पूरा लाभ उठाएं।

पीएम बोले- स्टूडेंट पावर का दायरा बहुत बड़ा
कई बार हम देखते हैं कि जब स्टूडेंट पावर की बात होती है, तो इसको छात्रसंघ चुनावों से जोड़कर उसका दायरा सीमित कर दिया जाता है। लेकिन स्टूडेंट पावर का दायरा बहुत बड़ा है, बहुत विशाल है। स्टूडेंट पावर भारत को पावरफुल बनाने का आधार है। आज जो युवा हैं, वही तो भारत को 2047 तक लेकर जाएंगे। जब भारत शताब्दी मनाएगा, युवाओं की ये शक्ति, उनकी मेहनत, उनका पसीना, उनकी प्रतिभा, भारत को उस ऊंचाई पर लेकर जाएगी, जिसका संकल्प देश आज ले रहा है।

पीएम ने कहा- हमारे आज के युवा, जिस तरह देश के लिए काम कर रहे हैं, नेशन बिल्डिंग में जुट गए हैं, वो देखकर मैं बहुत भरोसे से भरा हुआ हूं। जिस तरह हमारे युवा हैकाथॉन में प्रॉब्लम सॉल्व करते हैं, रात-रात भर जागकर घंटों काम करते हैं, वो बहुत ही प्रेरणा देने वाला है। पीएम ने कहा- मैंने लाल किले से 'जय अनुसंधान' का आह्वान किया था। मैंने इस दशक को भारत का टेकएड बनाने की बात भी कही थी। मुझे ये देखकर बहुत अच्छा लगा, इसकी कमान हमारी IITs के छात्रों ने भी संभाल ली है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात जाएंगे। वह सरदार पटेल की जयंती पर केवडिया में एकता परेड में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात जाएंगे। वह सरदार पटेल की जयंती पर केवडिया में एकता परेड में शामिल होंगे।

'रन फॉर यूनिटी' देश में एकता का प्रतीक
पीएम ने कहा कि 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस है, सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की जन्म-जयन्ती का पुण्य अवसर है। इस दिन देश के कोने-कोने में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाता है। ये दौड़, देश में एकता के सूत्र को मजबूत करती है, हमारे युवाओं को प्रेरित करती है। पीएम ने कहा कि 'जुड़ेगा इंडिया तो जीतेगा इंडिया' इस थीम के साथ राष्ट्रीय खेलों ने जहां एकता का मजबूत सन्देश दिया, वहीं भारत की खेल संस्कृति को भी बढ़ावा देने का काम किया है। आपको यह जानकर खुशी होगी कि भारत में राष्ट्रीय खेलों का अब तक का सबसे बड़ा आयोजन था।

पीएम ने जन-जातीय गौरव दिवस और गुरुपुरब की बधाई दी
पीएम ने कहा कि नवम्बर महीने में 15 तारीख को हमारा देश जन-जातीय गौरव दिवस मनाएगा। आपको याद होगा, देश ने पिछले साल भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयन्ती के दिन आदिवासी विरासत और गौरव को सेलिब्रेट करने के लिए ये शुरुआत की थी। भगवान बिरसा मुंडा ने अपने छोटे से जीवन काल में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लाखों लोगों को एकजुट कर दिया था। उन्होंने भारत की आजादी और आदिवासी संस्कृति की रक्षा के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया था। जब धरती आबा बिरसा मुंडा की बात आती है, छोटे से उनके जीवन काल की तरफ नजर करते हैं, आज भी हम उसमें से बहुत कुछ सीख सकते हैं। धरती आबा ने कहा था- यह धरती हमारी है, हम इसके रक्षक हैं।

पीएम ने कहा कि आने वाले 8 नवम्बर को गुरुपुरब है। गुरु नानक जी का प्रकाश पर्व जितना हमारी आस्था के लिए महत्वपूर्ण है, उतना ही हमें इससे सीखने को भी मिलता है। गुरु नानकदेव जी ने अपने पूरे जीवन, मानवता के लिए प्रकाश फैलाया। देश ने गुरुओं के प्रकाश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अनेकों प्रयास किए हैं। हमें गुरु नानकदेव जी का 550वां प्रकाश पर्व, देश और विदेश में व्यापक स्तर पर मनाने का सौभाग्य मिला था। दशकों के इंतजार के बाद करतारपुर साहिब कॉरिडोर का निर्माण होना भी उतना ही सुखद है। हमें हमारे गुरुओं के विचारों से लगातार सीखना है, उनके लिए समर्पित रहना है। मैं आप सभी को इन पर्वों की हार्दिक बधाई देता हूं।

PM ने पिछली मन की बात में चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखने का किया था ऐलान

मन की बात के 93वें एपिसोड में PM नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया था कि चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा जाएगा। यह फैसला भगत सिंह की जयंती (28 सितंबर ) के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए लिया गया है। PM ने कहा, 'भगत सिंह जी की जयंती के ठीक पहले उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यह तय किया गया है कि चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम अब शहीद भगत सिंह जी के नाम पर रखा जाएगा। इसकी लम्बे समय से प्रतीक्षा की जा रही थी। मैं चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और देश के सभी लोगों को इस निर्णय की बहुत-बहुत बधाई देता हूं|' पढ़ें पूरी खबर...