मुंबई. दाऊद इब्राहिम के भतीजे रिजवान कासकर को मुंबई पुलिस ने बुधवार रात एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। वसूली के मामले में लंबे वक्त से पुलिस को उसकी तलाश थी। बताया जा रहा है कि रिजवान देश छोड़कर भागने की फिराक में था। वह दाऊद के छोटे भाई इकबाल कासकर का बेटा है। गुरुवार को कोर्ट में पेशी से पहले रिजवान और दो अन्य आरोपियों से पूछताछ की गई।
इससे पहले 16 जुलाई को मुंबई पुलिस ने दाऊद और छोटा शकील के खिलाफ जांच करते हुए अफरोज वडारिया उर्फ अहमद रजा और एक अन्य को गिरफ्तार किया था। वडारिया दाऊद के गिरोह के सदस्य फहिम मचमच का गुर्गा है।
वाडरिया से पूछताछ में रिजवान का नाम सामने आया
पुलिस ने वडारिया के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया था, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान वडारिया ने वसूली के मामले में रिजवान के शामिल होने का खुलासा किया था। जिसके बाद पुलिस ने उस पर शिकंजा कसा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.