केंद्र सरकार ने स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ से पहले हर घर तिरंगा अभियान चलाया है। इसके तहत PM नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को ट्विटर प्रोफाइल की डीपी के तौर पर लगाई। PM ने देश के नागरिकों से भी ऐसा करने की अपील की है।
अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को इसी तर्ज पर कांग्रेस का अभियान शुरू किया है। इसमें उन्होंने पूर्व PM जवाहरलाल नेहरू की तिरंगा थामे हुए तस्वीर को ट्विटर डीपी के तौर पर लगाया है। इस तस्वीर में नेहरू संविधान सभा में तिरंगे को राष्ट्रीय ध्वज के तौर पर पेश करते दिख रहे हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी अपनी डीपी में यही तस्वीर लगाई है। राहुल ने PM के ट्विटर डीपी बदलने के एक दिन बाद ऐसा किया है।
राहुल के ट्रेंड को कांग्रेस नेताओं ने फॉलो किया
राहुल ने इस डीपी को पोस्ट भी किया और लिखा- देश की शान है, हमारा तिरंगा, हर हिंदुस्तानी के दिल में है, हमारा तिरंगा। इसके बाद पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल और कई कांग्रेस नेताओं ने ट्विटर डीपी में यही तस्वीर इस्तेमाल की है।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत केंद्र सरकार ने नागरिकों से 2 से 15 अगस्त के बीच अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स में राष्ट्रीय ध्वज को अपने डीपी के तौर पर इस्तेमाल करने को कहा है।
मबबूबा ने मोदी-मुफ्ती मोहम्मद की फोटो लगाई, इसमें जम्मू-कश्मीर का अमान्य झंडा
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को अपनी ट्विटर डीपी बदलकर नया विवाद खड़ा कर दिया है। दरअसल महबूबा ने जो तस्वीर लगाई है, उस तस्वीर में उनके पिता मुफ्ती मोहम्मद सईद और PM मोदी साथ बैठे दिख रहे हैं। उनके सामने तिरंगा और अब अमान्य हो चुका जम्मू-कश्मीर का झंडा दिख रहा है।
महबूबा मुफ्ती ने डीपी के साथ ट्वीट कर कहा- मैंने अपनी डीपी बदल ली है, क्योंकि झंडा खुशी और गर्व का प्रतीक है। जम्मू-कश्मीर से उसका झंडा भले ही छीन लिया गया हो, लेकिन इसे लोगों की सामूहिक चेतना से नहीं मिटाया जा सकता।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.