नई संसद के इनॉगरेशन में अब 2 दिन बचे हैं, लेकिन इसे लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई हैं। सेंगोल (राजदंड) पर भाजपा के दावों को कांग्रेस ने झूठा बताया है।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि ऐसा कोई दस्तावेजी सबूत नहीं है कि सेंगोल (राजदंड) को अंग्रेजों ने सत्ता हस्तांतरण के प्रतीक के तौर पर आजादी के समय नेहरू को सौंपा था। इससे जुड़े भाजपा नेताओं के सभी दावे गलत हैं।
वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने सेंगोल के विरोध को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने शुक्रवार को ट्वीट किया- कांग्रेस पार्टी भारतीय परंपराओं और संस्कृति से इतनी नफरत क्यों करती है? पंडित नेहरू को तमिलनाडु के एक पवित्र शैव मठ द्वारा भारत की स्वतंत्रता के प्रतीक के रूप में पवित्र सेंगोल दिया गया था। कांग्रेस ने इसे 'वॉकिंग स्टिक' समझकर एक संग्रहालय में भेज दिया।
जयराम रमेश ने कहा- वॉट्सऐप यूनिवर्सिटी से झूठ फैलाया जा रहा
जयराम रमेश ने एक ट्वीट में कहा है- इसमें कोई आश्चर्य नहीं है कि नई संसद को वॉट्सऐप यूनिवर्सिटी से मिले ज्ञान से दूषित किया जा रहा है। बीजेपी-RSS बिना सबूत के तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है। उन्होंने कहा, सेंगोल के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं होने के कारण बीजेपी का एक बार फिर से पर्दाफाश हो गया है।
₹75 का सिक्का जारी होगा, सिक्के के एक तरफ अशोक स्तंभ, दूसरी तरफ संसद की तस्वीर
28 मई को नई संसद के इनॉगरेशन पर 75 रुपए का स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा। इसके एक तरफ अशोक स्तंभ छपा होगा जिसके अगल-बगल में भारत और इंडिया लिखा होगा। इसके नीचे रुपए के चिन्ह के साथ 75 लिखा होगा।
सिक्के के दूसरी तरफ संसद की तस्वीर होगी और उसके नीचे 2023 लिखा होगा। इस सिक्के को कोलकाता की टकसाल में ढाला गया है। हालांकि, सरकार ने अब तक सिक्के की फोटो जारी नहीं की है। इस मौके पर एक स्टाम्प भी लॉन्च किया जाएगा।
75 रुपए के सिक्के का डायमीटर 44 मिमी का होगा
वित्त मंत्रालय के मुताबिक, 75 रुपए का सिक्का गोल होगा। इसका डायमीटर 44 मिमी है। इस सिक्के को 50% सिल्वर, 40% कॉपर, 5% निकल और 5% जिंक के मिक्सर से बनाया गया है। सिक्के के एक तरफ अशोक स्तंभ होगा, जिसके नीचे सत्यमेव जयते लिखा होगा।
बाईं ओर देवनागरी में भारत और दाईं ओर अंग्रेजी में इंडिया लिखा होगा। नए सिक्के में रुपए का साइन होगा और लायन कैपिटल के नीचे 75 रुपए भी लिखा होगा। सिक्के की दूसरी साइड पर संसद परिसर की तस्वीर होगी। तस्वीर के ऊपर देवनागरी में संसद संकुल और नीचे अंग्रेजी में पार्लियामेंट कॉम्प्लेक्स लिखा होगा।
20 पार्टियां PM मोदी के इनॉग्रेशन करने के विरोध में, 25 शामिल होंगी
विपक्षी पार्टियां राष्ट्रपति से नए संसद भवन के इनॉगरेशन की मांग कर रही हैं। यही वजह है कि 20 विपक्षी दलों ने समारोह के बहिष्कार का ऐलान किया है। इनका आरोप है कि राष्ट्रपति को ना बुलाना, देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान है।
भाजपा समेत 25 पार्टियां शामिल होंगी: भाजपा, शिवसेना (शिंदे गुट), शिरोमणी अकाली दल, जनता दल (सेक्युलर), बसपा, NPP, NPF, NDPP, SKM, JJP, RLJP, RP (अठावले), अपना दल (एस), तमिल मनीला कांग्रेस, AIADMK, BJD, तेलगू देशम पार्टी, YSR कांग्रेस, IMKMK, AJSU और MNF।
20 पार्टियां विरोध कर रहीं: कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, DMK, आम आदमी पार्टी, शिवसेना (उद्धव गुट), समाजवादी पार्टी, राजद, CPI, JMM, केरल कांग्रेस (मणि), VCK, रालोद, राकांपा, JDU, CPI (M), IUML, नेशनल कॉन्फ्रेंस, RSP, AIMIM और MDMK।
उद्घाटन कार्यक्रम का शेड्यूल
समारोह कैसा होगा? इसकी अब तक अधिकृत जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन ANI के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह दो फेज में होगा। पहले फेज के कार्यक्रम गांधी प्रतिमा के पास एक पंडाल में होंगे। यहां सुबह 9:30 बजे तक पूजा और अन्य अनुष्ठान होंगे। दूसरा फेस दोपहर में लोकसभा कक्ष में राष्ट्रगान के साथ शुरू होगा।
862 करोड़ रुपए में बनी है संसद की नई बिल्डिंग
नई संसद 862 करोड़ रुपए में बनी है। PM ने 10 दिसंबर 2020 को इसकी आधारशिला रखी थी। नए संसद भवन का निर्माण 15 जनवरी 2021 को शुरू हुआ था। इस बिल्डिंग को पिछले साल नवंबर में पूरा हो जाना था। इसे रिकॉर्ड 28 महीने में बनाया गया है।
सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें...
PM ने किया सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का उद्घाटन, मोदी बोले- गुलामी का प्रतीक राजपथ अब कर्तव्य पथ बन गया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 सितंबर 2022 को शाम 8 बजे इंडिया गेट के सामने कर्तव्य पथ का उद्घाटन किया। वे शाम 7 बजे कर्तव्य पथ पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया। 19 महीने तक लगातार चले काम के बाद सेंट्रल विस्टा एवेन्यू बनकर तैयार हुआ है। पूरी खबर पढ़ें...
सेंट्रल विस्टा एवेन्यू पर पहला दिन; लॉन से लाइट तक सब नया, उड़ती धूल और खराब फव्वारे अब नहीं
लुटियंस जोन, दिल्ली का सबसे पॉश इलाका। देश का पावर कॉरिडोर। इंडिया गेट, संसद भवन, PMO, राष्ट्रपति भवन, मिनिस्ट्री ऑफिस… सब कुछ यहीं, इसी इलाके में है। यही है सेंट्रल विस्टा एवेन्यू। जैसे ही आप इंडिया गेट के सामने पहुंचेंगे, 3.2 किमी लंबा भव्य 'कर्तव्य पथ' दिखाई देगा। ये इंडिया गेट से शुरू होकर राष्ट्रपति भवन तक जाता है। पूरी खबर पढ़ें...
सेंट्रल विस्टा के डिजाइनर बिमल पटेल, आज पश्चिम से पूरब तक रीडेवलपमेंट के मास्टर आर्किटेक्ट
दिल्ली में सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट, वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट डेवलपमेंट और पुरी में जगन्नाथ मंदिर की मास्टर प्लानिंग- भारत के कल्चरल और अरबन लैंडस्केप के ये सभी सिंबल्स भले ही देश के अलग-अलग कोनों में स्थित हैं, लेकिन इनके मास्टर आर्किटेक्ट एक ही हैं- बिमल पटेल। पूरी खबर पढ़ें...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.