पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • NIA's Interrogation Of Kashmiri Couple Connected With IS Continued, Many Social Media Accounts Were Used To Incite Muslims

आईएस से जुड़े कश्मीरी दंपती से एनआईए ने की पूछताछ, मुस्लिमों को भड़काने के लिए चलाते थे सोशल मीडिया अकाउंट्स

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दिल्ली पुलिस की हिरासत में लिए गए कश्मीरी दंपती। - फाइल - Dainik Bhaskar
दिल्ली पुलिस की हिरासत में लिए गए कश्मीरी दंपती। - फाइल
  • एनआईए पता करेगी दंपती का आईएस से कैसे हुआ कनेक्शन, किस तरह से करते थे रिक्रूटमेंट
  • मुस्लिम युवाओं को भड़का कर बड़ा दंगा कराना चाहते थे दोनों, बैंक के खाते भी खंगाले जा रहे

नई दिल्ली. इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रॉविंस (आईएसकेपी) मॉड्यूल से जुड़े संदिग्ध कश्मीरी दंपती से सोमवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पूछताछ की। दिल्ली पुलिस ने रविवार को इन्हें जामिया नगर से गिरफ्तार किया था। इनका नाम जहांजेब सामी और हीना बशीर बेग है। दोनों श्रीनगर के रहने वाले हैं। आरोप है कि दोनों सीएए के खिलाफ प्रदर्शन का इस्तेमाल मुस्लिम युवाओं को भड़काकर आतंकी हमले के लिए करना चाहते थे। अब एनआईए पता करेगी की आखिर ये दोनों कैसे आईएस के संपर्क में आए? यहां से रिक्रूटमेंट कैसे करते थे? क्या यहां के कुछ लोगों को इन्होंने रिक्रूट करके बाहर भी भेजा है? इसके अलावा एनआईए ने दोनों के बैंक अकाउंट भी खंगालने शुरू कर दिए हैं।  

पांच अलग-अलग नामों से सोशल मीडिया अकाउंट चलाता था जहांजेब 
पुलिस की जांच में पता चला है कि जहांजेब पांच अलग-अलग नामों से सोशल मीडिया अकाउंट चलाता था। इनके सहारे ये मुस्लिम युवाओं को भड़काने का काम करता था। ये लोग सीएए के खिलाफ प्रदर्शन से मुस्लिम युवाओं को जोड़ने के लिये इंडियन मुस्लिम युनाइट नाम से भी एक अकाउंट चलाते थे। अब इस अकाउंट के मैसेज और पोस्ट भी पुलिस खंगाल रही है।

आईएस की मैगजीन को प्रकाशित करवाने की थी कोशिश
दिल्ली पुलिस का दावा है कि जहांजेब आईएस की मैगजीन स्वात-अल-हिंद के फरवरी के संस्करण को प्रकाशित करवाने की कोशिश में था। इसमें सीएए का विरोध कर रहे लोगों से जिहादी रास्ता अपनाने की अपील की गई थी। इस मैगजीन को 24 फरवरी को ऑनलाइन जारी किया गया था। इसमें लिखा था कि लोकतंत्र आप लोगों को नहीं बचा पाएगा।