केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तारीफ की। गडकरी ने कहा कि 1991 में मनमोहन सिंह द्वारा वित्त मंत्री के रूप में शुरू किए गए आर्थिक सुधारों ने भारत को एक नई दिशा दी क्योंकि इसने एक उदार अर्थव्यवस्था की शुरुआत की। गडकरी ‘TIOL अवॉर्ड 2022’ समारोह को संबोधित कर रहे थे।
देश मनमोहन सिंह का ऋणी रहेगा
उन्होंने कहा- ‘भारत को एक उदार आर्थिक नीति की जरूरत है, जिसमें गरीबों को भी लाभ पहुंचाने का इरादा हो। 1991 में तत्कालीन वित्त मंत्री मनमोहन सिंह द्वारा शुरू किए गए आर्थिक सुधारों ने भारत को एक नई दिशा दी। आर्थिक सुधारों के लिए देश उनका ऋणी रहेगा। मैं 90 के दशक में महाराष्ट्र में मंत्री था। हमने सड़कें बनाने के लिए पैसे जुटाने की खूब मशक्कत की। हम मनमोहन सिंह की तरफ से शुरू किए गए आर्थिक सुधारों की वजह से ही सड़क परियोजनाओं के लिए धन जुटा पाए थे।’
उदार नीति का बेस्ट एग्जाम्पल है चीन
सड़क परिवहन मंत्री ने यह भी कहा कि चीन इस बात का एक अच्छा उदाहरण है कि कैसे उदार आर्थिक नीति किसी भी देश के विकास में मदद कर सकती है। वहीं भारत के संदर्भ में उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास को गति देने के लिए भारत को अधिक पूंजीगत व्यय निवेश की जरूरत होगी। इसलिए NHAI आम आदमी से भी राजमार्गों के निर्माण के लिए धन जुटा रहा है।
गडकरी ने कहा कि उनका मंत्रालय 26 ग्रीन एक्सप्रेसवे बना रहा है और उन्हें पैसे की कमी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। उनके अनुसार, 2024 तक NHAI का टोल राजस्व ₹ 1.40 लाख करोड़ हो जाएगा, जो वर्तमान में ₹ 40,000 करोड़ प्रति वर्ष है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.