कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सांसदी जाने के बाद अब उन्हें एक महीने के अंदर सरकारी आवास भी खाली करना होगा। लोकसभा हाउसिंग कमेटी ने उन्हें इसके लिए नोटिस जारी किया है। कमेटी ने उन्हें 22 अप्रैल तक 12 तुगलक रोड का सरकारी आवास खाली करने को कहा है।
सूरत कोर्ट ने मानहानि केस में राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद पिछले शुक्रवार को उनकी संसद सदस्यता रद्द कर दी गई थी।
विपक्ष का ब्लैक प्रोटेस्ट, सोनिया भी काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचीं
अडाणी मामले को लेकर विपक्ष ने सोमवार को ब्लैक प्रोटेस्ट किया। इसमें 17 विपक्षी दल शामिल हुए। सोनिया गांधी भी काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचीं। उधर, लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने भारी हंगामा किया। एक सांसद तो लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला के आसन तक पहुंच गया और काला कपड़ा लहराने लगा। यह देख स्पीकर सभा को स्थगित कर चले गए।
दरअसल, सुबह 11 बजे जैसे ही दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी। इससे राज्यसभा की कार्यवाही को 2 बजे तक और लोकसभा की कार्यवाही को 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। 2 बजे राज्यसभा की कार्यवाही और 4 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, लेकिन हंगामे के कारण इन्हें मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
कांग्रेस के प्रदर्शन में खड़गे काली पगड़ी में दिखे, बोले-लोकतंत्र के लिए काला अध्याय
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को ट्वीट किया- 'लोकतंत्र के लिए "काला अध्याय" ! पहली बार सत्ता पक्ष संसद को ठप कर रहा है। क्यों? क्योंकि मोदी जी के परम मित्र के काले कारनामे उजागर हो रहे हैं! एकजुट विपक्ष JPC की मांग पर कायम रहेगा।'
खड़गे ने कहा, 'हम काले कपड़ों में क्यों आए हैं? हम दिखाना चाहते हैं कि PM मोदी इस देश में लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं। पहले उन्होंने स्वायत्त संस्थाओं को खत्म किया, इसके बाद जहां-जहां जिसने चुनाव जीता, उसे डरा-धमकाकर PM ने अपनी सरकार बनवाई। जो लोग उनके आगे नहीं झुके, उन्हें झुकाने के लिए ED और CBI का इस्तेमाल किया।'
कांग्रेस की ऑल-पार्टी मीटिंग में पहली बार शामिल हुई TMC
खड़गे ने आज संसद की कार्यवाही शुरू होने के पहले अपने चैम्बर में विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक रखी। इसमें कांग्रेस, DMK, सपा, JDU, BRS, CPM, RJD, NCP, CPI, आप और TMC समेत 17 पार्टियां शामिल हुईं।
इस बैठक में तृणमूल कांग्रेस का आना चौंकाने वाला रहा। इस सत्र में TMC अब तक किसी विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के साथ नहीं आई थी। TMC नेताओं के आने पर खड़गे ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए जो भी आगे आएगा, हम उसका स्वागत करेंगे।
संसद के आज के अपडेट्स:
रविवार को कांग्रेस नेताओं ने सत्याग्रह किया
रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राजघाट पर राहुल गांधी के संसद से डिस्क्वालिफिकेशन पर पार्टी के नेताओं के साथ सत्याग्रह किया। जिसमें प्रियंका गांधी वाड्रा, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केसी वेणु गोपाल, कांग्रेस के पूर्व सांसद और 1984 के सिख विरोधी दंगों के आरोपी जगदीश टाइटलर भी शामिल हुए।
शुक्रवार को हंगामे के बाद संसद कार्यवाही स्थगित हो गई थी
शुक्रवार को संसद के दोनों सदनों में राहुल गांधी के लंदन वाले बयान और अडाणी मुद्दे की JPC की मांग को लेकर भारी हंगामा हुआ था। हंगामे और नारेबाजी के बीच ध्वनि मत से वित्त विधेयक 2023 लोकसभा से पारित हो गया था। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 27 मार्च की सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही भी 27 मार्च तक स्थगित हो गई थी।
6 अप्रैल तक प्रस्तावित है बजट सत्र का दूसरा फेज
सदन में भाजपा राहुल गांधी से लंदन में दिए बयान पर माफी की मांग पर अड़ी हुई है। वहीं, हिंडनबर्ग-अडाणी मामले पर कांग्रेस की जॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी (JPC) की मांग बरकरार है। बता दें कि बजट सत्र का दूसरा फेज 13 मार्च से शुरू हुआ था और यह 6 अप्रैल तक चलना प्रस्तावित है।
संसदीय कार्यवाही से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें...
राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म:मानहानि मामले में 2 साल की सजा के बाद लोकसभा स्पीकर का फैसला, वायनाड से सांसद थे
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता शुक्रवार को रद्द कर दी गई। वह केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य थे। लोकसभा सचिवालय से पत्र जारी कर इस बात की जानकारी दी गई है। मानहानि केस में सूरत की कोर्ट ने गुरुवार को उन्हें 2 साल की सजा सुनाई थी। राहुल गांधी ने 2019 में कर्नाटक की सभा में मोदी सरनेम को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था- सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है। पूरी खबर पढ़ें...
संसद में राहुल के माइक का स्विच किसके पास:स्पीकर की इजाजत के बिना नहीं हो सकता बंद, पूरा कंट्रोल एक चैम्बर में
6 मार्च 2023, जगह- लंदन में हाउस ऑफ कॉमंस का ग्रैंड कमेटी रूम। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ब्रिटिश सांसदों को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कहा- ‘हमारे यहां लोकसभा में अक्सर विपक्षी सदस्यों के माइक बंद कर दिए जाते हैं। हमारे माइक खराब नहीं हैं। वे काम कर रहे हैं, लेकिन फिर भी आप उन्हें ऑन नहीं कर सकते। मेरे बोलने के दौरान ऐसा कई बार हुआ है।' पूरी खबर पढ़ें...
राहुल की संसद सदस्यता खत्म, अब क्या:चुनाव लड़ सकेंगे,, जेल जाएंगे, 8 साल का ब्रेक या कुछ और; 5 जरूरी जवाब
राहुल गांधी अब सांसद नहीं रहे। शुक्रवार को लोकसभा सचिवालय ने इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया। उन्हें संविधान के अनुच्छेद 102 (1) और ‘जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951’ की धारा 8 के तहत संसद की सदस्यता से अयोग्य घोषित किया गया है। सांसदी जाने के बाद राहुल गांधी के पास अब क्या रास्ते हैं। 5 जरूरी सवाल। पढ़ें भास्कर एक्सप्लेनर...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.