गुजरात पुलिस शुक्रवार देर रात से राज्य की जेलों में छापेमारी कर रही है। जेलों के CCTV फुटेज चेक किए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल, वडोदरा सेंट्रल जेल, सूरत की लाजपोर जेल और राजकोट जेल समेत राज्य की कुल 17 जेलों में पुलिस की छापेमारी चल रही है। 1700 पुलिसकर्मी तलाशी ले रहे हैं। गांधीनगर में गृह राज्य मंत्री की अध्यक्षता में राज्य के DGP समेत उच्चाधिकारियों की बैठक के बाद यह छापेमारी शुरू हुई थी।
इस कार्रवाई का मकसद जेलों में बंद गैंगस्टरों की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में पता लगाना है। हाल ही में साबरमती की जेल में बंद गैंगस्टर अतीक अहमद ने जेल में रहते हुए उमेश पाल की हत्या करवाई थी। माना जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई IB के इनपुट मिलने के बाद की गई। इसमें बताया गया कि अतीक अहमद ने जेल से एक व्हाट्सएप कॉल के जरिए उमेश की हत्या कराई थी।
राज्य के गृहमंत्री हर्ष सांघवी स्टेट कंट्रोल रूम में मौजूद हैं। वहीं, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी कार्रवाई के बारे में जानकारी ले रहे हैं।
सभी जेलों और शहर के सीनियर पुलिस अधिकारियों के साथ 1700 पुलिसकर्मी इस अभियान में जुटे हैं। जेलों में सभी प्रतिबंधित चीजों को जब्त किया जा रहा है। प्रदेश में पहली बार जेल विभाग के साथ मिलकर पुलिस इस तरह की कार्रवाई कर रही है। DGP विकास सहाय के साथ गृह राज्य मंत्री, जेल विभाग के प्रमुख के. एल एन राव और IB प्रमुख अनुपम सिंह गहलोत तलाशी अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
साबरमती सेंट्रल जेल में भी सर्च ऑपरेशन
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच SOG समेत पुलिस का काफिला अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल में मौजूद है। इस जेल में गुजरात समेत कई अन्य राज्यों में आतंकवादी, हत्या, डकैती, रंगदारी, सीरियल बम विस्फोट समेत गंभीर अपराधों में शामिल कई अपराधी बंद हैं।
सूरत की आधुनिक लाजपोर जेल में पुलिस का एक काफिला पहुंचा है। यहां भी तलाशी अभियान जारी है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों में लाजपोर जेल में मोबाइल फोन मिलने की कई घटनाएं सामने आई हैं।
राजकोट जेल में 1800, तो वडोदरा सेंट्रल जेल में 1675 कैदी
राजकोट सेंट्रल जेल में चेकिंग अभियान चल रहा है। इस जेल में कुल 1800 कैदी सजा काट रहे हैं। इनमें करीब 80 महिला कैदी भी शामिल हैं। वडोदरा सेंट्रल जेल में करीब 100 पुलिस कर्मचारी मौजूद हैं। इसके अलावा उच्चाधिकारी भी पहुंचे हैं। महिला पुलिस अमला भी जेल पहुंच गया है। वडोदरा सेंट्रल जेल में 85 महिला कैदियों सहित कुल 1675 कैदी हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.