कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी बुधवार को केरल के कोल्लम जिले में मछुआरों से मिलने पहुंचे। इस दौरान मछुआरों के साथ समुद्र में मछली पकड़ने कूद पड़े। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान राहुल ने 10 मिनट तक समुद्र में ही स्वीमिंग की। इसके बाद राहुल ने मछुआरों से बात की और उनके साथ फिर नाव में सवार हो गए।
आपकी मेहनत का फायदा कोई और ले रहा : राहुल
इस दौरान राहुल ने कहा कि आज सुबह मैं अपने भाइयों के साथ समुद्र में गया। नाव की यात्रा शुरू होने से लेकर उसकी वापसी तक उन्होंने सभी खतरे उठाए, खूब मेहनत की। मछुआरों ने समुद्र में जाल फेंका और वापस निकाला, तो इसमें सिर्फ एक मछली थी। इससे हमें यह पता चला कि पूरी प्रक्रिया के बाद खर्च भी नहीं निकल पाया। आपकी मेहनत का फायदा कोई और ले रहा है।
उन्होंने कहा कि वह सोच रहे थे कि जाल ढेर सारी मछलियों से भरा होगा, लेकिन वह खाली ही पानी से बाहर निकला। इसे मैंने अपनी आंखों से देखा और यह मेरा अनुभव रहा।
राहुल के जाल में फंसी केवल एक मछली
उन्होंने कहा कि जब मैंने जाल फेंका, तो सोचा था कि जाल में भरपूर मछलियां फंसेंगी, लेकिन मात्र एक मछली देखकर मैं समझ गया कि मछुआरों पर क्या बीतती होगी। मैं उनके साथ काम करके उनकी समस्याओं को समझना चाहता हूं। मैं उनकी सभी समस्याएं, तो हल नहीं कर सकता लेकिन काफी समस्याएं दूर करने का प्रयास कर सकता हूं।
साथी नेताओं को भी नहीं बताया
उनके साथ मौजूद कांग्रेस के नेता ने बताया कि राहुल जानना चाहते थे कि मछुआरे पानी में जाल को कैसे से फैला रहे हैं? इसलिए राहुल भी समुद्र में कूद पड़े। वह हमें बताए बगैर ही पानी में उतर गए। वह करीब 10 मिनट तक पानी में रहे। वह एक अच्छे तैराक हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.