• Hindi News
  • National
  • Rahul Gandhi Vs Delhi Police; Congress Bharat Jodo Yatra Srinagar (JK) Controversy

कांग्रेस बोली- सावरकर समझा क्या, नाम राहुल गांधी है:रेप पीड़ितों पर दिए बयान पर कांग्रेस नेता ने पुलिस को 4 पेज में जवाब दिया

नई दिल्ली12 दिन पहले
  • कॉपी लिंक
राहुल ने 30 जनवरी को श्रीनगर में भारत जोड़ो यात्रा के समापन के दौरान ये बयान दिया था। ये वीडियो उसी समय का है।

रेप पीड़ितों पर दिए बयान पर राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस की नोटिस पर मेल के जरिए 10 पॉइंट में 4 पेज का जवाब दिया है। राहुल ने कहा कि क्या यह मेरी ओर से अडाणी पर दिए गए बयान की वजह से हो रहा है। मैंने बयान 45 दिन पहले दिया था, जिस पर अब अचानक नोटिस देने की क्या जरूरत पड़ गई? देश में अभी भी महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न हो रहा है।

राहुल ने इस नोटिस पर विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए 8-10 दिन का समय मांगा है। वहीं, कांग्रेस ने ट्विटर पर लिखा, 'सावरकर समझा क्या... नाम- राहुल गांधी है।'

कांग्रेस के इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि 'कृपया महान आत्मा वीर सावरकर का अपमान न करें। हाथ जोड़कर विनती कर रहा हूं।'

कांग्रेस नेता की ओर से दिए गए शुरुआती जवाब पर दिल्ली पुलिस ने रिप्लाई दिया है। पुलिस ने कहा कि राहुल की ओर से दिए गए जवाब में कोई जानकारी नहीं दी गई है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा सके।

आज पुलिस राहुल गांधी के घर पहुंची थी
दिल्ली पुलिस की एक टीम रविवार को पिछले पांच दिनों में तीसरी बार कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के घर पहुंची। करीब 2 घंटे बाद राहुल स्पेशल CP (लॉ एंड ऑर्डर) सागर प्रीत हुड्डा से मिले। स्पेशल CP ने बताया कि हमने राहुल गांधी से उनके बयान के संबंध में जानकारी मांगी है। राहुल गांधी ने कुछ वक्त मांगा है और कहा है कि वो जानकारी देंगे।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक एक अधिकारी ने बताया कि हमने राहुल गांधी ने उन पीड़ितों के बारे में जानकारी मांगी है, जिनका जिक्र उन्होंने किया था। जिससे उन्हें सुरक्षा दी जा सके।

स्पेशल CP हुड्डा ने कहा- राहुल बोले कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान वे बहुत सारे लोगों से मिले हैं। सारी कड़ियां जोड़ने में थोड़ा वक्त लगेगा। जरूरत पड़ी तो राहुल गांधी से आगे भी पूछताछ की जाएगी।

दिल्ली पुलिस के अफसरों के साथ मुलाकात के बाद राहुल गांधी अपने आवास से बाहर निकले। वे खुद कार ड्राइव कर रहे थे।
दिल्ली पुलिस के अफसरों के साथ मुलाकात के बाद राहुल गांधी अपने आवास से बाहर निकले। वे खुद कार ड्राइव कर रहे थे।

राहुल ने श्रीनगर में दिया था रेप पीड़ितों पर बयान
राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान रेप पीड़ित पर बयान दिया था। राहुल ने 30 जनवरी को श्रीनगर में कहा था- कई महिलाएं मुझसे मिलने आई थीं। वे रो रही थीं और इमोशनल थीं। उनमें से कुछ ने कहा कि उनके साथ रेप हुआ है, मोलेस्टेशन हुआ है। मैंने उनसे पूछा कि क्या मैं पुलिस को इस बारे में बताऊं, तो उन्होंने कहा कि राहुल जी हम बस आपको बताना चाहते थे। पुलिस को इस बार में मत बताइए, वर्ना हमें और ज्यादा नुकसान उठाना पड़ेगा।

पुलिस दो बार राहुल के घर गई, तब नोटिस रिसीव किया
बयान को लेकर पुलिस की एक टीम 15 मार्च को राहुल गांधी को नोटिस देने गई थी। टीम ने वहां 3 घंटे तक इंतजार किया, लेकिन राहुल नहीं मिले। 16 मार्च को दिल्ली पुलिस के सीनियर अधिकारी दोबारा उनके घर गए। डेढ़ घंटे तक इंतजार करवाने के बाद राहुल उनसे मिले और नोटिस रिसीव किया। पार्टी ने कहा था कि वे सही समय पर कानून के मुताबिक नोटिस का जवाब देंगे।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा श्रीनगर में खत्म हुई थी। इसी दौरान उन्होंने ये बयान दिया था।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा श्रीनगर में खत्म हुई थी। इसी दौरान उन्होंने ये बयान दिया था।

कांग्रेस के नेताओं ने क्या कहा...

जयराम रमेश: पार्टी नेता जयराम रमेश ने कहा कि दिल्ली पुलिस को महिलाओं की इतनी ही चिंता थी तो वे फरवरी में क्यों नहीं आए। दिल्ली पुलिस भारत जोड़ो यात्रा के खत्म होने के 45 दिन बाद पूछताछ के लिए आ रही है। राहुल गांधी की लीगल टीम कानून के हिसाब से नोटिस का जवाब देगी।

अशोक गहलोत: राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने कहा - बिना गृह मंत्रालय और बिना ऊपर के निर्देश के यह संभव नहीं कि पुलिस यहां तक पहुंचे। जब राहुल गांधी ने कह दिया कि उन्हें नोटिस मिला है वे उसका जवाब देंगे इसके बावजूद पुलिस यहां पहुंची है। इनकी हिम्मत कैसे हो गई कि यहां तक पहुंच गए। पूरा देश इनकी हरकतों को देख रहा है देश इन्हें माफ नहीं करेगा। आज की हरकत बेहद गंभीर है। जांच करवाने से कोई इनकार नहीं कर रहा है।

पवन खेड़ा: प्रधानमंत्री मोदी पर विवादित बयान देने के मामले में बेल पर चल रहे पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा राहुल गांधी से मिलने पहुंचे थे। पुलिस ने पहले तो उन्हें रोका, फिर जाने दिया। खेड़ा ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर कहा- राहुल गांधी को डराने की कोशिश की जा रही है। सरकार को क्या लगता है वह डर जाएंगे?

कांग्रेस ने ट्वीट कर दिल्ली पुलिस के नोटिस पर नाराजगी जताई थी। साथ ही पुलिस टीम की तस्वीरें भी पोस्ट की थी।
कांग्रेस ने ट्वीट कर दिल्ली पुलिस के नोटिस पर नाराजगी जताई थी। साथ ही पुलिस टीम की तस्वीरें भी पोस्ट की थी।

दिल्ली पुलिस ने खुद लिया था मामले का संज्ञान
दिल्ली पुलिस ने खुद ही इस मामले का संज्ञान लिया है। उसने पीड़िताओं के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए सवालों की एक लिस्ट राहुल को भेजी थी। पुलिस ने उनसे कहा था कि सवालों के जवाब जल्दी और डिटेल में दें जिससे पीड़िताओं को सुरक्षा दी जा सके।

कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस की नोटिस पर नाराजगी जताई थी। पार्टी ने ट्वीट किया था- सरकार अडाणी-हिंडनबर्ग मामले में राहुल के सवालों से घबरा गई है और पुलिस का सहारा ले रही है। भारत जोड़ो यात्रा खत्म होने के 45 दिन बाद दिल्ली पुलिस उन पीड़िताओं के बारे में जानकारी मांग रही है।

राहुल गांधी के बयानों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें...

ब्रिटिश पार्लियामेंट में राहुल गांधी का भाषण:कहा- भारतीय संसद में विपक्षी नेताओं के माइक बंद कर दिए जाते हैं, हमें चर्चा करने की इजाजत नहीं

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 6 मार्च को लंदन में हाउस ऑफ पार्लियामेंट के परिसर में ब्रिटिश सांसदों से बातचीत की थी। उन्होंने कहा कि भारतीय संसद में विपक्षी नेताओं के माइक्रोफोन बंद कर दिए जाते हैं। वहां विपक्ष का दमन हो रहा है। इस कार्यक्रम में राहुल ने अपने भारत जोड़ो यात्रा के अनुभवों को भी शेयर किया था। पूरी खबर पढ़ें...

श्रीनगर में भारी बर्फबारी में राहुल की भावुक स्पीच:बोले-कश्मीरियों और फौजियों की तरह मैंने अपनों को खोने का दर्द सहा, मोदी-शाह यह दर्द नहीं समझते

भारी बर्फबारी के बीच राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सोमवार को श्रीनगर में खत्म हो गई। यह 145 दिन पहले 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। राहुल ने कहा, 'मैं अब जम्मू-कश्मीर के लोगों से और सेना-सुरक्षाबलों से कुछ कहना चाहता हूं। मैं हिंसा को समझता हूं। मैंने हिंसा सही है, देखी है। जिसने हिंसा नहीं देखी है, उसे यह बात समझ नहीं आएगी।' पूरी खबर पढ़ें...

यात्रा के 146 दिन में कितने बदले राहुल:गंभीर नेता की इमेज बनी, विपक्ष को साधकर प्रधानमंत्री के दावेदार हो सकते हैं

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 30 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में पूरी हो गई। कांग्रेस के सीनियर लीडर्स में शामिल एक पूर्व मंत्री ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा- भारत जोड़ो यात्रा के जरिए हम राहुल गांधी की नई इमेज तैयार करने में कामयाब रहे हैं। अब वे विपक्ष को लीड कर सकते हैं और प्रधानमंत्री पद के कैंडिडेट भी हो सकते हैं। पूरी खबर पढ़ें...