पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • So Far 61 People Confirmed Coronavirus Infection Case In India, First Time Anti HIV Drugs Used For Treatment

कोरोनावायरस के 24 घंटे में 14 नए मामले सामने आए, पहली बार संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए एंटी एचआईवी दवाओं का इस्तेमाल हुआ

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
  • केरल और पुणे में 19 लोगों में संक्रमण की पुष्टि, ईरान से वापस लाए गए 58 भारतीय नागरिक
  • केरल में 7वीं कक्षा तक की परीक्षाएं स्थगित, 31 मार्च तक विदेशी शिप की एंट्री बैन

नई दिल्ली. कोरोनावायरस का संक्रमण देश में तेजी से फैल रहा है। मंगलवार को 14 नए मामले सामने आए। अब तक देश में 61 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। पहली बार 2 संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए देश में एंटी एचआईवी दवाओं का इस्तेमाल किया गया। वहीं, वायुसेना का विमान सी-17 ग्लोबमास्टर मंगलवार सुबह 9.30 बजे ईरान से 58 भारतीयों के पहले जत्थे को लेकर गाजियाबाद के हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर लौटा। विमान सोमवार देर रात रवाना हुआ था। ईरान से लाए गए सभी भारतीयों को एयरबेस पर 14 दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा।  

केरल में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 14 पर पहुंचा
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा- केरल में अब तक संक्रमण के 14 मामले सामने आ चुके हैं। सातवीं तक की कक्षाएं और परीक्षाएं 31 मार्च तक स्थगित रहेंगी। कक्षा 8, 9 और 10 की परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी। 31 मार्च तक ट्यूशन क्लास, आंगनवाड़ी, मदरसे बंद कर दिए गए हैं। 11-31 मार्च तक थिएटर भी बंद रहेंगे।

पुणे में पांच, कर्नाटक में चार मामलों की पुष्टि  
पुणे में सोमवार की रात दो मामलों की पुष्टि हुई थी जबकि मंगलवार को तीन नए मामले सामने आए। सभी को वहां के नाएडू अस्पताल में भर्ती कराया गया। कर्नाटक में 3 नए मामले सामने आए। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामुलु ने कहा- राज्य में अब तक चार नए मामलों की पुष्टि हो गई है। सभी की निगरानी की जा रही है।

पिछले तीन दिनों में 31 लैबें बनाई गईं: हर्षवर्धन
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने सोमवार को कहा था कि मास्क और सैनिटाइजर को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है। सभी को मास्क लगाने की जरूरत नहीं है। केवल जो अस्वस्थ है, उसे मास्क पहनना जरूरी है ताकि किसी और को इन्फेक्शन न हो। केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा था कि अब तक देश में कोरोनावायरस से कोई मौत नहीं हुई है। पिछले तीन दिनों में 31 लैबें बनाई गई हैं। स्थिति पर नियंत्रण की हरसंभव कोशिश की जा रही है।

31 मार्च तक विदेशी शिप की एंट्री बैन
भारत ने 31 मार्च तक सभी विदेशी शिप की एंट्री बैन कर दी है। इसी के तहत मंगलौर में एक यूरोपियन कंपनी का जहाज वापस भेज दिया गया। रविवार को यूरोपियन कंपनी एमएससी क्रूज की शिप लिरिका को मंगलौर तट पर एंट्री नहीं दी गई। इस कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, यह दुनिया की सबसे बड़ी निजी क्रूज लाइन है। इसके दुनियाभर में 30 हजार से ज्यादा कर्मचारी हैं।

संक्रमण की जांच के लिए देश में 52 लैब
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने स्वास्थ्य और शोध विभाग के साथ मिलकर संक्रमण की जांच के लिए देशभर में 52 लैब बनाई हैं। दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज समेत देश के कई स्थानों पर वायरस रिसर्च एंड डॉयग्नॉस्टिक लैब (वीआरडी) नमूने एकत्रित कर रही हैं। 6 मार्च तक 3,404 लोगों के 4,058 सैंपल की जांच की जा चुकी है। इनमें चीन के वुहान से लाए गए 654 लोगों के 1,308 सैंपल भी शामिल हैं।

विदेशी यात्रियों की 30 एयरपोर्ट्स पर स्क्रीनिंग
देश के 30 एयरपोर्ट्स पर विदेश से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। दक्षिण कोरिया और इटली से आने वालों को देश में प्रवेश करने से पहले कोरोनावायरस फ्री सर्टिफिकेट दिखाना होगा। सरकार इटली, ईरान, दक्षिण कोरिया और जापान से आने वाले लोगों के वीजा और ई-वीजा रद्द कर चुकी है। केंद्र सरकार के दफ्तरों में 31 मार्च तक बायोमीट्रिक अटेंडेंस पर रोक लगा दी गई है।