यूनाइटेड किंगडम में एक स्ट्रीट परफॉर्मर का 'कल हो ना हो' गाना गाते हुए का वीडियो वायरल हो रहा है। यूजर्स इसे खूब पसंद कर रहे हैं। नेटिजन्स विश नाम के इस सिंगर को अरिजीत सिंह से कंपेयर कर रहे हैं। विश ने अपनी परफॉर्मेंस का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था।
वीडियो में विश को सड़क के बीच में खड़ा देखा जा सकता है। उसके हाथों में माइक्रोफोन है और उसके चारों ओर स्पीकर रखे हुए हैं। कई लोग उनके पास खड़े होकर उनका गाना सुन रहे हैं, जबकि कई बैठे हैं और दूर से आनंद ले रहे हैं।
वीडियो के मिले 4 लाख से अधिक लाइक्स
इस वीडियो को अब तक चार मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है और 450,000 से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं। इंटरनेट यूजर्स विश के गाने को पसंद कर रहे हैं और कमेंट कर उसकी तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने विश की तुलना भारतीय गायक अरिजीत सिंह से की। दूसरे ने कहा कि अपनी कला को प्यार करते रहो तुम बहुत आगे जाओगे। एक अन्य यूजर ने लिखा कि वाह अच्छी आवाज, अलग धुन। यह सच में बहुत अच्छा है।
कुछ कुछ होता है समेत कई गाने गा चुके हैं विश
विश के इंस्टाग्राम पर 30,000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वह रेगुलर लंदन में अपनी परफॉर्मेंस के वीडियो पोस्ट करते हैं। उन्होंने बॉलीवुड के मशहूर गाने गाए हैं, जिनमें 'एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा' और 'कुछ कुछ होता है' शामिल हैं।
जर्मन महिलाओं ने 'पटाखा गुड्डी' गाने पर किया जबरदस्त डांस
इस बीच, एक और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दो जर्मन महिलाएं 2014 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'हाईवे' के एआर रहमान के हिट गाने 'पटाखा गुड्डी' पर डांस करते दिख रही हैं। जर्मनी के पैडरबोर्न की पलिना पालीवा ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया। इस वीडियो को अब तक 209,000 से अधिक लाइक और दो मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.