- तेजस इस माह के पहले सप्ताह से चलाने की थी योजना, नई टाइमिंग से 6 राजधानी एक्स. का शेड्यूल बिगड़ा
- नई टाइमिंग से ट्रेन का परिचालन 2 अक्टूबर से होना मुश्किल दिखाई पड़ रहा है
Dainik Bhaskar
Sep 12, 2019, 12:44 PM ISTनई दिल्ली (शेखर घोष). नई दिल्ली और लखनऊ के बीच तेजस एक्सप्रेस सितंबर के पहले सप्ताह में चलाने की बात कही गई थी। लेकिन इसमें अड़चन आ गई है। लखनऊ से दिल्ली के बीच तेजस का सफर 30 मिनट कम करने और गाजियाबाद में हॉल्ट देने को कहा गया है। नई टाइमिंग से चलाने में नार्दर्न और एनसीआर रेलवे जोन के लिए समस्या खड़ी हो गई है।
गाजियाबाद में हॉल्ट के कारण 6 राजधानी ट्रेन की स्पीड पर असर पड़ रहा है। रेल मंत्रालय द्वारा नई टाइमिंग पर तेजस को चलाने के सुझाव के बाद इसका परिचालन टल गया है। नई टाइमिंग से परिचालन 2 अक्टूबर से होना मुश्किल दिखाई पड़ रहा है। नई टाइमिंग पर तेजस (12585) को गाजियाबाद में स्टॉपेज दिए जाने के बाद पीछे चल रही हावड़ा, सियालदह, पटना, गोहाटी, डिब्रूगढ़, पुरी राजधानी के समय में देरी होने का खतरा है।
रेलवे बोर्ड के अधिकारी ने बताया तेजस नई दिल्ली से 4:30 बजे 5:10 पर गाजियाबाद और 9:30 पर कानपुर और 10:45 पर लखनऊ पहुंचेगी। वहीं नई दिल्ली हावड़ा राजधानी 12302 नई दिल्ली से 4:37 पर खुलकर 5:10 पर गाजियाबाद पहुंच जाती और रात 21:32 पर कानपुर पहुंचती है। इसके बाद एक के बाद एक राजधानी एक्सप्रेस चलती हैं।
गाजियाबाद में स्टॉपेज दिए जाने के बाद तेजस व राजधानी का 2 मिनट का अंतराल है, क्योंकि तेजस यहां पर 2 मिनट रुकेगी तो गाजियाबाद में हावड़ा राजधानी का स्टॉपेज नहीं है, राजधानी आगे निकल जाएगी। फिर तेजस के कानपुर पहुंचने का समय राजधानी से 2 मिनट पहले है। आगे राजधानी चल रही है, रास्ते में कहां किस स्टेशन पर हावड़ा राजधानी को रोक तेजस को 2 मिनट पहले 9:30 पर कानपुर पहुंचने के लिए जगह दे यह एनसीआर रेलवे के लिए परेशानी आ रही है।
पुरानी टाइमिंग सही थी
एक अधिकारी ने बताया कि तेजस की पुरानी टाइमिंग इस ट्रेन के आगे-पीछे चल रही ट्रेनों को सोचकर तैयार की थी। ट्रेनों के बीच 30 मिनट का समय रखा गया था, जिससे तेजस के आगे और पीछे चल रही ट्रेन आसानी से ट्रैक पर पास करती रहती हैं। पर रेलवे बोर्ड द्वारा तेजस के सफर में 30 मिनट कमी करने के आदेश के बाद सारी व्यवस्था चरमरा गई हैं।
तेजस या राजधानी रुकती हैं तो पीछे की सभी ट्रेन प्रभावित होंगी
तेजस या राजधानी दोनों ट्रेने किसी भी तकनीकी कारणों से ट्रैक पर अगर रुक जाती हैं तो इससे पीछे से आ रही सभी ट्रेन प्रभावित हो जाएंगी। क्योंकि तेजस के रूट से ही गाजियाबाद से सभी राजधानी एक्सप्रेस चलती हैं। मामला बोर्ड के आदेश का है और इसे महात्मा गांधी के जन्मदिन 2 अक्टूबर के दिन चलाने का दबाव है, इसलिए दोनों जोन के अधिकारी इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों के समय में बदलाव से लेकर हर पहलू पर काम कर रहे हैं।
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि सितंबर महीने में चलने वाली तेजस एक्सप्रेस ट्रेन लगभग टल गई और अक्टूबर महीने में चलाने के लिए कवायद अभी जारी है। इधर, उत्तर रेलवे के भी अधिकारी ने बताया कि तेजस एक्सप्रेस ट्रेन चलाने के लिए अभी उनके पास इस तरह का कोई भी शिड्यूल नहीं आया है।
