बंदूक दिखाकर लूट ले गए फॉर्च्यूनर:दिल्ली में बाइक सवार 3 लोग कार लेकर हुए फरार

नई दिल्ली7 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

दिल्ली में एक युवक को बंदूक दिखाकर 3 लोग उसकी फॉर्च्यूनर लेकर फरार हो गए। मामला शनिवार सुबह करीब 5 बजे छावनी इलाके का है। पुलिस ने इसकी जानकारी रविवार को दी। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

वीडियो में 3 लोग एक सड़क के किनारे खड़े दिख रहे हैं, जैसे ही फॉर्च्यूनर ड्राइवर कार लेकर आता है। उनमें से 2 लोग ड्राइवर से चाबी छुड़ाने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह आसपास खड़े कुछ लोगों के पास चला जाता है। इसके बाद लुटेरे उसे बंदूक दिखाकर चाबी छीनकर ले जाते हैं। युवक डर के कारण कुछ भी नहीं कर पाता है और आरोपी वहां से कार लेकर फरार हो जाते हैं।

पुलिस के मुताबिक जिसकी कार लूटी गई है वह मेरठ का रहने वाला है और उसका नाम राहुल है। उसने पुलिस को बताया कि तीन अज्ञात लोग बाइक पर आए और बंदूक दिखाकर उसकी टोयोटा फॉर्च्यूनर कार लूट कर ले गए। पुलिस ने धारा 397 और भारतीय दंड संहिता की धारा 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

दिल्ली में हुई अन्य घटनाओं की ये खबरें भी पढ़ें...

दिल्ली में 3 लोगों को कार से रौंदा, मामूली बात पर हुआ था विवाद

दिल्ली में कार सवार ने तीन लोगों को रौंद दिया था। वारदात के बाद कार ड्राइवर भाग निकला। तीनों लोगों की हालत गंभीर है, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वारदात दिल्ली के अलीपुर में 26 अक्टूबर को हुई थी। पढ़ें पूरी खबर...

छेड़छाड़ का विरोध करने पर भाई की हत्या, घेरकर चाकुओं से गोदा

दिल्ली के पटेल नगर में दो नाबालिगों ने एक नाबालिग छात्र की हत्या कर दी थी। आरोपियों ने जान गंवाने वाले लड़के की बहन को कुछ दिन पहले छेड़ा था। भाई ने विरोध किया तो चाकू गोदकर उसकी हत्या कर दी गई। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है। लड़का कंप्यूटर की कोचिंग पढ़कर लौट रहा था। वह अपने घर के करीब गली से गुजर रहा था, तभी दो लड़कों ने उसे घेर लिया और घटना को अंजाम दिया गया। दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पढ़ें पूरी खबर...