त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा त्रिपुरा पहुंचे, यहां उन्होंने अमरपुर और कुमारघाट में दो जनसभाओं को संबोधित किया। नड्डा ने कहा कि 9 साल पहले भारत घुटने टेकने वाला देश था, फैसला न ले पाने वाला भारत था।
पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आकांक्षाओं का देश बन गया है, छलांग लगाने वाला देश बन गया है। जनसभाओं के बाद नड्डा ने गोमती में एक पार्टी कार्यकर्ता के घर पारंपरिक तौर पर केले के पत्ते पर भोजन किया।
डबल इंजन की सरकार ने बदली राज्य की तस्वीर
जनसभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने राज्य की तस्वीर बदल दी है। पिछले 5 सालों में त्रिपुरा में खूब विकास हुआ है। आज यहां आना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। यहां मौजूद भीड़ बताती है कि त्रिपुरा के लोगों ने फिर से बीजेपी, बीजेपी और बीजेपी को सरकार में लाने का फैसला किया है। पांच साल पहले त्रिपुरा दंगों, बंद और अशांति के लिए जाना जाता था। आज त्रिपुरा में विकास, कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर और शांति दिखती है।
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज से 9 साल पहले भारत कैसा था? घुटने टेकने वाला भारत था, फैसला नहीं ले सकने वाला भारत था, भ्रष्टाचार करने वाले देशों में शुमार था जहां आए दिन घोटाले होते रहते थे। लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में बीते 9 साल में भारत आकांक्षाओं का देश बन गया, छलांग लगाने वाला देश बन गया और दुनिया में खुद को स्थापित करने वाला मजबूत राष्ट्र बन गया।
बजट लोगों की जरूरतों का ख्याल रखने वाला है
इस दौरान पार्टी अध्यक्ष ने बजट पर भी बात की। उन्होंने कहा कि यह अमृतकाल का पहला बजट है। यह देश की अर्थव्यवस्था को वास्तव में सशक्त बनाने की आकांक्षाओं से भरा है। यह महिलाओं को सशक्त बनाने, युवाओं को रोजगार देने और आम लोगों की जरूरतों का ख्याल रखने वाला बजट है।
त्रिपुरा में 16 फरवरी को होगा मतदान
त्रिपुरा में 16 फरवरी को मतदान होगा। नॉमिनेशन 21 जनवरी से शुरू हुए थे। वहीं, नॉमिनेशन का आखिरी तारीख 30 जनवरी तक थी। चुनाव के नतीजों का ऐलान 2 मार्च को होगा।राज्य में 2018 में 59 सीटों पर चुनाव हुए थे। बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। 35 सीटें मिली थीं। भाजपा ने लेफ्ट के 25 साल के गढ़ को ध्वस्त कर दिया था। पहले बिप्लब देव CM बनाए गए थे, लेकिन मई 2022 में माणिक साहा को मुख्यमंत्री बना दिया गया। आगामी चुनाव में भाजपा को रोकने के लिए CPM और कांग्रेस ने हाथ मिला लिया है। एक और बड़ी पार्टी ममता बनर्जी की TMC भी है, जो भाजपा को टक्कर दे सकती है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.