पाकिस्तान में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन से भारत के कुछ राज्यों के मौसम में जबरदस्त बदलाव आया है। मार्च के महीने भी यहां बारिश और ओले गिरे हैं। वहीं, उत्तर भारत में भी एक वेर्स्टन डिर्स्टबेंस एक्टिव हो गया है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश,बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, तेलंगाना में बादल छाए हैं। कहीं-कहीं बारिश भी हुई है।
भोपाल में बारिश के साथ ओले गिरे, नीमच में तेज बारिश
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार शाम कुछ इलाकों में ओले गिरे। तेज बारिश भी हुई। यहां अयोध्या बायपास क्षेत्र में करीब पांच मिनट तक ओलावृष्टि हुई। नीमच में भी तेज बारिश हुई। रायसेन-सागर में भी बूंदाबांदी हुई। मंदसौर के पिपलियामंडी क्षेत्र में भी तेज बारिश के साथ ओले गिरे। गुना में भी बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग की मानें, तो नए सिस्टम के कारण बारिश हो रही है।
बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मार्च की शुरुआत में पांच दिन तक तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी ने 20 से ज्यादा जिलों में गेहूं-चने और सरसों की फसलें बर्बाद कर दी थी। अब फिर से मौसम बदला है। 20 मार्च तक प्रदेश में तेज बारिश, ओले गिरने और तेज आंधी चलने की आशंका है।
उधर, छिंदवाड़ा में रात से मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ पानी गिरा। अभी भी बादल हैं और बूंदाबांदी हो रही है।
मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि 16 मार्च से प्रदेशभर में बारिश का सिस्टम एक्टिव हो रहा है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन समेत प्रदेशभर में बारिश होगी। कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। हवा की रफ्तार सामान्य से दोगुनी रहेगी।
24 घंटे में कहां-कितनी बारिश
खरगोन | 0.14 (बारिश इंच में) |
छिंदवाड़ा | 0.10 |
बैतूल | 0.06 |
भोपाल | 0.05 |
दमोह | 0.03 |
इंदौर | 0.003 |
प्रदेशभर में बिगड़े मौसम के मिजाज की वजह से दिन के तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली है। वहीं, रात के तापमान में भी इतनी ही गिरावट दर्ज की गई है। कई जिलों में पारे में बढ़ोतरी भी हुई है।
झारखंड में तेज हवा के साथ बारिश,रांची में पेड़ गिरे
झारखंड की राजधानी रांची समेत कुछ जिलों में गुरुवार को तेज हवा के साथ बारिश हुई। रांची में कई जगहों पर तेज हवा की वजह से पेड़ गिर गए। रांची के साथ-साथ गुमला, सिमडेगा सहित राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। रांची के रेडिशन ब्लू होटल के पास तेज आंधी के कारण पेड़ की डाली और बिजली का पोल गिर गया। इससे कार और बाइक क्षतिग्रस्त हो गए। अचानक बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिन में ही अंधेरा छा गया।
तेलंगाना के विकाराबाद जिले के कुछ हिस्सों में गुरुवार को भारी बारिश हुई। मारपल्ले गांव और जहीराबाद शहर के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ ओले भी गिरे।
महाराष्ट्र के पुणे में गुरुवार शाम को तेज बारिश हुई। इससे टेंपरेचर में भी कमी आई। वहीं रात में मुंबई भी हल्की फुहारों से भीग गया।
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए मौसम का अलर्ट जारी किया है। इसमें अधिकांश राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है।
गुरुवार के लिए जारी अलर्ट में भी कुछ राज्यों में बारिश होने का अनुमान जताया गया था।
अब पढ़िए कैसा है देश के प्रमुख राज्यों में मौसम का हाल...
राजस्थान: 10 जिलों में हो सकती है बारिश
राजस्थान के पूर्वी हिस्से में गरज-चमक के साथ कल हुई बारिश से मौसम बदल गया। मौसम के इस बदलाव से शहरों में दिन और रात में तापमान में मामूली गिरावट हुई। अगले तीन दिन के लिए भी राजस्थान के कई शहरों के लिए विभाग ने हल्की से तेज बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस सिस्टम का असर 19 मार्च तक राजस्थान में रहने की संभावना है। पढ़ें पूरी खबर...
मध्यप्रदेश: बारिश-ओले के डर से किसान काट रहे गेहूं
मध्यप्रदेश में बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 16 से 20 मार्च के बीच प्रदेशभर में तेज बारिश, ओले गिरने और तेज आंधी चलने की आशंका है। इस कारण शाजापुर, उज्जैन, विदिशा, नर्मदापुरम, हरदा, सीहोर समेत कई जिलों में किसान गेहूं की फसल पहले ही कटवाकर सुरक्षित रख रहे हैं। प्रदेशभर में बिगड़े मौसम के मिजाज की वजह से दिन के तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। पढ़ें पूरी खबर...
उत्तर प्रदेश: लखनऊ, मथुरा समेत 14 शहरों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने UP के 14 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ में बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना है। झांसी में सुबह से बादल छाए हैं। बुधवार को 37°C के साथ प्रयागराज और झांसी प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म रहे हैं। वहीं, 13.5°C के साथ मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा शहर रिकॉर्ड किया गया है। पढ़ें पूरी खबर...
हिमाचल प्रदेश: चंबा-कांगड़ा में ओले गिरे, शिमला में बूंदाबांदी
प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (WD) एक्टिव होने की चेतावनी के बीच बुधवार शाम के वक्त कांगड़ा में ओलावृष्टि और शिमला में हल्की बारिश हुई। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने कल से अगले 4 दिन तक कुछ शहरों में ओलावृष्टि होने का येलो अलर्ट जारी किया। यह चेतावनी किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर सभी 10 जिलों को दी गई है। पढ़ें पूरी खबर...
बिहार: 20 जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट, पटना में हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में 20 मार्च तक के लिए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार को दक्षिण बिहार के कई जगहों पर हल्की बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश का मौसम शुष्क और साफ बना रहा है। 35.7 डिग्री सेल्सियस के साथ खगड़िया सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया है। किसानों को सावधानी बरतने को कहा गया है। पढ़ें पूरी खबर...
गुजरात: कई जिलों में बारिश, मांगरोल तालुका में बरसे ओले
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 5 दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। 18 मार्च तक अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। सूरत शहर में सोमवार को दोपहर से लेकर देर रात तक हुई झमाझम बारिश ने पिछले 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। साथ ही गुजरात में किसानों को बरसात के दिनों में खाद और दवा का छिड़काव नहीं करने की सलाह किसानों को दी गई है। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.