अमृतसर. अमृतसर में ऑर्गनाइज दो दिवसीय जानवरों का मेला आखिरी दिन शनिवार को मुर्गा, भैंसा और घोड़ा मुख्य आकर्षण थे। हालांकि, इनकी बिक्री नहीं हुई, लेकिन यह आकर्षण इनकी भारी-भरकम कीमत के कारण है। जानवरों के पालकों का कहना है कि इनकी खूबी यही है कि यह दूसरों से कई मामलों में अलग हैं। मेजर सिंह अपने घोड़े सुल्तान को लेकर पशु मेले में पहुंचेे थे। उनका कहना है कि उन्होंने इसे 27 लाख में खरीदा था। सात वर्षीय सफेद रंग नुकरी नस्ल के इस घोड़े की कीमत इस वक्त कम से कम 50 लाख रुपए है। इसकी खासियत यह है कि इसे दौड़ में कोई हरा नहीं सकता। इस नस्ल के घोड़ों को अक्सर अंग्रेज अफसर इस्तेमाल करते थे। बता दें घोड़े की यह कीमत एक लग्जरी कार से ज्यादा है। भारत में जगुआर XF कार की कीमत सिर्फ 47.67 लाख रुपए है, वहीं BMW X3 कार की (एक्स-शोरूम) कीमत भी महज 46.90 लाख रुपए है।
दस हजार तक मुर्गा भी रहा आकर्षण का केंद्र
मेेले में चार दर्जन से अधिक मुर्गा पालकों में अजनाला निवासी नरिंदर सिंह का मुर्गा भी लोगों की दिलचस्पी का केंद्र बना। करीब डेढ़ फीट ऊंचे मुर्गे का वजन चार किलो से अधिक था। नरिंदर का कहना है कि इस देसी नस्ल के मुर्गे की उम्र महज 11 माह है। उन्होंने बताया कि अभी तक लोग इसकी कीमत दस हजार रुपए लगा रहे हैं, मगर वह इसे बेचना नहीं चाहते।
भैंसे की कीमत दस लाख
राजासांसी निवासी मुखविंदर सिंह अपने दो भैंसों (मेल) को लेकर मेला पहुंचे थे। मुर्रा नस्ल के इस सवा साल के भैंसे की कीमत दस लाख रुपए है। वह बताते हैं कि आमतौर पर पशुपालक भैंसा नहीं पालते, लेकिन उन्होंने इसके अलावा भीम नामक भैंसे को पाला है। एक भैंसे को पालने का खर्च कम से कम पांच भैंसों (फीमेल) के बराबर होता है। उनका कहना है कि अभी तक इसकी कीमत दस लाख रुपए मिल रही है।
आगे की स्लाइड्स में देखें चुनिंदा फोटोज...