मैंनू पतै तुसीं कांग्रेस चले जाणा, पर साडी ग्रांट चंगी तरां ला देओ...
मनोज जाेशी | मोहाली manoj.joshi1@dbcorp.in
लोकलबाॅडी मंत्री अनिल जोशी बुधवार को मोहाली में पंजाब के पहले 45 बिस्तर वाले रैन बसेरे, सुलभ शौचालय और सफाई व्यवस्था संभाल रही कंपनी की वर्कशॉप का उद्घाटन करने पहुंचे। फेज-9 में एक उद्घाटन समारोह के दौरान उन्होंने नगर निगम के मेयर कुलवंत सिंह को पास बुलाकर कहा-मैंनू पतै तुसीं कांग्रेस चले जाणा, पर साडी दित्ती ग्रांट चंगी तरां ला देओ, ताकि लोकां नूं इसदा फायदा मिल सके...। जब मंत्री ने मेयर से यह बात कही, उस समय अकाली-भाजपा के पार्षद और निगम के आला अिधकारी वहीं मौजूद थे। मेयर कुलवंत सिंह ने यह सुनने के बाद मंत्री को जवाब दिया-मैं तां पहलां वी तुहाडा ही सी, ते हुण वी तुहाडा ही रहांगा...। गौरतलब है कि शहर के विकास को लेकर राज्य सरकार की ओर से हाल ही में मोहाली नगर निगम को 406 करोड़ की ग्रांट दी गई है। मोहाली के नगर निगम बनने के बाद पांच सालों में सरकार की ओर से यह पहली ग्रांट दी गई है।
उद्घाटन के समय पार्षद और अिधकारी मंत्री के पास ही खड़े थे, जबकि मेयर कुलवंत सिंह कुछ दूरी पर खड़े थे। उन्हें देखकर मंत्री अनिल जोशी ने उन्हें अपने पास बुलाकर ये शब्द कहे। यह सुनकर आसपास खड़े पार्षद और अिधकारी हंसने लगे, जबकि कुलवंत सिंह के जवाब के बाद यह हंसी और तेज हो गई। मेयर कुलवंत सिंह ने कहा कि जोशी जी ने जो बात कही थी, वो मजाक मेें कही थी और उसका जवाब भी उन्होंने उसी अंदाज में दिया है। उन्होंने कहा कि वे विकास के पक्षधर हैं और उसके लिए हर प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे किसी पार्टी से संबंधित नहीं हैं। बल्कि लोगों के सेवक हैं।
पंजाब में जब कांग्रेस के कैप्टन अमरिंदर सिंह मुख्यमंत्री थे, तब कुलवंत सिंह उनके काफी नजदीकी थे। उसके बाद अकाली सरकार बनने पर वे अकाली दल में शामिल होकर सुखबीर सिंह बादल के नजदीकी बन गए। उन्होंने अकाली दल के टिकट पर लोकसभा चुनाव भी लड़ा, जिसमें वे हार गए थे। मोहाली नगर निगम चुनाव के दौरान अकाली दल के तत्कालीन हलका इंचार्ज बलवंत सिंह रामूवालिया पर टिकट बंटवारे में पक्षपात का आरोप लगाते हुए उन्होंने अकाली दल छोड़कर आजाद उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा।
मंत्री अनिल जोशी ने फेज-6 में बने रैन बसेरे का किया उद्घाटन। फोटो भास्कर
लोकल बॉडी मंत्री अनिल जोशी ने बुधवार को फेज-6 में दारा स्टूडियो के पास बने पंजाब के पहले 45 बिस्तर वाले रैन बसेरे (नाइट शेल्टर) का भी उदघाटन किया। यह रैन बसेरा 40 लाख रुपए की लागत से बनाया गया है। जोशी ने कहा कि ऐसे रैन बसेरों का मकसद उन बेसहारा लोगों को छत देना है, जिन्हें रात को सोने के लिए छत नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि इस रैन बसेरे पर 11 लाख रुपए और खर्च किए जाएंगे। इसमें महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। यहां अाने वाले लोगों को रात का खाना भी मुफ्त दिया जाएगा। इसके अलावा मंत्री ने 15 लाख रुपए की लागत से बने सुलभ शौचालय और सफाई व्यवस्था संभाल रही कंपनी की वर्कशॉप का भी उद्घाटन किया।
मेयर कुलवंत सिंह ने दिया जवाब-मैं तां पहलां वी तुहाडा ही सी, हुण वी तुहाडा ही रहांगा...
जोशी ने यह बात इसलिए कही, क्योंकि कुलवंत सिंह इस समय कांग्रेस के समर्थन से निगम के मेयर बने हैं। वहीं दूसरी ओर अब पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह पुराने और नाराज कांग्रेसियों को पार्टी में शामिल करने की मुहिम चलाए हुए हैं। ऐसे माहौल को देखते हुए मंत्री जोशी ने मेयर कुलवंत सिंह को मजाक में यह बात कह डाली। अब समय ही बताएगा कि कुलवंत सिंह कांग्रेस में जाते हैं या अकाली दल और कांग्रेस दोनों को छोड़कर आम आदमी पार्टी का हाथ थामते हैं।