हर वर्ग को साथ लेकर चल रही है प्रदेश सरकार : सैनी
सिटी रिपोर्टर| रायपुररानी/बरवाला।
हरियाणाके खान भू-विज्ञान एवं अक्षय ऊर्जा विभाग के राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में सभी कार्यकर्ताओं को पूरा मान सम्मान मिलता है और भाजपा सरकार प्रत्येक वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलती है। राज्य मंत्री नारायणगढ़ के हुडा सेक्टर चार में आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी में शामिल हुए लोगों का स्वागत करते हुए उपस्थित लोगों को सम्बोंधित कर रहे थे। भाजपा में आॅल इंडिया एसबीआई ऑफिसर एसोसिएशन (एससी/एसटी)के पूर्व उपाध्यक्ष चंडीगढ़ सर्कल एवं सेवानिवृत्त मैनेजर अमृत लाल, भागदास, मा. कृष्ण, सुरेश कुमार, उत्तम सिंह, हरविन्द्र सैनी तथा एडवोकेट राजबीर, गौरव रजनीश आदि शामिल हुए। इन सभी का फूलमालाएं पहनकार राज्य मंत्री सैनी ने स्वागत किया और कहा कि उन्हें पार्टी में पूरा मान सम्मान मिलेगा। आज भाजपा का ग्राफ पूरे देश प्रदेश में बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जहां विश्व पटल पर भारत की छवि उभरी है वहीं पर हरियाणा में भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर हुआ है और एक समान विकास के काम करवाये जा रहे हैं। राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हरियाणा एक हरियाणवी एक की भावना के अनुरूप कार्य कर रही है।