वादों को पूरा करे बीजेपी: मेहता
बरवाला/रायपुररानी| हरियाणाप्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य अशोक मेहता ने भाजपा पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल अपने चुनावी वादों को पूरा करने के बजाय दकियानूसी विचारों का पोषण कर रही है। जो पैसा लोकहित में खर्च होना चाहिए था, वह धर्मान्धता फैलाने पर बर्बाद कर रही है। मेहता शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इसका ताजा उदाहरण सरस्वती महोत्सव का आडंबर है, जिसका वैज्ञानिक कसौटी पर सत्यापन नहीं हुआ। हैरानी की बात है कि चौवे के पानी को सरस्वती नदी बताया जा रहा है। मुगलवाली गांव के पास तथाकथित सरस्वती की धारा फूटने वाली जगह पर अस्थाई मंदिर के महंत खुद स्वीकारते हैं कि इस इलाके में सभी जगह भूमिगत पानी का स्तर इतना ही है। क्या आदि बद्री के नजदीक बह रहे सोम नाले का पानी स्थानीय चौवे के पानी के साथ एक नई नहर बनाकर उसमें बहा देने से सरस्वती नदी बहने लग जाएगी। हरियाणा की जनता के पसीने की 45-46 करोड़ की कमाई को यूं ही लुटा देना एक बड़े आर्थिक अपराध से कम नहीं। देर-सवेर भाजपा सरकार को इसका हिसाब देना होगा। जो भाजपाई सरस्वती का टेंडर उठाए फिर रहे हैं उन्हें कानूनन जेल में होना चाहिए। मेहता ने कहा कि हरियाणा के लोग जानना चाहते हैं कि इस देश में कितनी सरस्वती नदियां बही हैं जाे आज लुप्त हैं।