सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
सिटी रिपोर्टर. रायपुररानी/बरवाला
कृमिसे मुक्ति, बच्चों को शक्ति स्लोगन के साथ सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दे रही सूचना, जनसंपर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की भजन मंडली ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के बारे में जानकारी दी। गांव घडौली, संतोखी, गणेशपुर, नगावां, धमौली ऊपरली, धमौली बिचली में सरकार की योजनाओं के प्रचार के साथ-साथ ग्रामीणों को कृमि संक्रमण से बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले विपरीत प्रभाव के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में भजन पार्टी लीडर हरिओम शर्मा, सदस्य धर्मवीर, कर्मचंद तथा ओमप्रकाश नागराज ने बताया कि 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जा रहा है। 6 से 9 साल के सभी बच्चों को कृमि नियंत्रण की दवाई (चबाने वाली गोली) सभी सरकारी निजी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में इस दिन मुफ्त खिलाई जाएगी। गैर पंजीकृत और स्कूल जाने वाले बच्चों को भी यह दवाई अवश्य दिलवाई जाए। जो बच्चे 10 फरवरी को दवाई लेने से रह जाएंगे उन्हें 15 फरवरी को यह दवाई जरूर दिलवाई जाए। कृमि संक्रमण से बच्चों में कुपोषण और खून की कमी होने से हमेशा थकावट रहती है, संपूर्ण शारीरिक मानसिक विकास नहीं होता। कृमि संक्रमण की रोकथाम आसान है, इसकी रोकथाम के लिए खुले में शौच जाए। हमेशा शौचालय का प्रयोग करें, आस-पास सफाई रखें, साफ पानी में फल सब्जियां धोएं, हमेशा साफ पानी पीएं तथा खाने को ढक कर ही रखें। नाखून साफ छोटे रखें, जूते-चप्पल पहनें तथा अपने हाथ साबुन से धोएं, विशेषकर खाने से पहले और शौच जाने के बाद। इस बारे में और अधिक जानकारी के लिए अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र और आशा वर्कर से संपर्क करें। कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता अभियान के महत्व के बारे में बताया गया।