अनुसूचित जाति के लोगों को मुफ्त में दी जा रही मछली पालन की ट्रेनिंग
सिटी रिपोर्टर| रायपुररानी/बरवाला
मत्स्यपालन विभाग द्वारा हरियाणा सरकार की अनुसूचित जाति कल्याण योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति के लोगों को मछली पालन के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जानकारी देते हुए एसडीएम रुचि सिंह ने बताया कि ट्रेनिंग के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को तालाब का चयन करने, पालने योग्य मछलियों की किस्मों के बारे में बताया जा रहा है। यह प्रशिक्षण प्राप्त करके व्यक्ति मछली पालन में स्वरोजगार का कार्य कर सकेंगे। ट्रेनिंग के दौरान मतस्य अधिकारी होलिन्द्र सिंह सैनी ने प्रशिक्षणार्थियों को मछलियों में आने वाली बीमारियों, मण्डीकरण के बारे में बताया। दस दिवसीय यह ट्रेनिंग कैंप 9 फरवरी से 19 फरवरी तक चलेगा। इसमें भाग लेने वाले प्रशिक्षणार्थियों को 100 प्रतिदिन का भत्ता भी दिया जाएगा। ट्रेनिंग के दौरान गांव में स्थित तालाब पर भी ले जाकर ट्रेनिग लेने वाले लोगों को मछली पकड़ने के लिए जाल डालने आदि से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी। गांवों में स्थित तालाबों को पंचायतें नीलामी के द्वारा मछली पालन के लिए पट्टे पर दे सकेंगी।