पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बाटर पार्क में संडे एन्जॉय कर रहा था परिवार, स्विमिंग पूल में डूब गया 10 साल का बच्चा, बुआ-चिल्लाती रही मेरे बच्चे को बचा लो लेकिन नहीं बचा जिंदा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर. रविवार को क्रिसेंट रिसॉर्ट के स्विमिंग पूल में 10 साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई। बच्चे को गंभीर हालत में परिजन बॉम्बे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 3 बजे की है। जूनी इंदौर क्षेत्र से मंदवानी परिवार के 30-35 सदस्य पिकनिक मनाने के लिए यहां पहुंचे थे। तभी त्रिवेणी कॉलोनी के सचिन मंदवानी का 10 साल का बेटा स्वयं रिसॉर्ट के पूल में कूद गया और गहरे पानी में चला गया। उस वक्त वहां कोई गार्ड भी नहीं था। फेफड़े में ज्यादा पानी भर जाने से वह काफी देर तक तल में ही पड़ा रहा।

 

- कुछ देर बाद जब बालक को तलाशते हुए परिजन पूल के पास पहुंचे तो वह तल में पड़ा नजर आया। उसे पानी से निकालकर बचाने की भी कोशिश की गई, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

- चाचा लालचंद मंदवानी ने बताया कि स्वयं परिवार में इकलौता लड़का था। उसकी एक बड़ी बहन यशी है और पिता का रेडिमेड पैकिंग का कारोबार है।

 

बुआ बोली- कपड़े बदल रहे थे, तब तक बच्चा पूल में कूद गया 

- बच्चे की बुआ सपना बहरानी ने बताया कि रविवार को हम रिसॉर्ट गए थे। यहां हमने रूम बुक कराया। हम लोग कपड़े बदल रहे थे, तब तक बच्चे स्विमिंग पूल में कूद चुके थे।

- पूल गहरा था और वहां कोई लाइफ गार्ड भी नहीं था। गहराई के कारण वह हमें भी नजर नहीं आया। जब हमने उसे तलाशना शुरू किया तो गार्ड और प्रबंधन के लोग पहुंचे। उन्होंने देखा कि बच्चा पूल के तल में पड़ा था। तत्काल उसे बाहर निकाला और सीना दबाकर पानी निकालने की कोशिश की।

- मुंह से सांस भी दी, लेकिन हलचल नहीं हुई। तत्काल उसे लेकर बॉम्बे हॉस्पिटल आ गए। यहां उसे ऑक्सीजन लगाई, लेकिन जान नहीं बच सकी। 

 

मैं बाहर हूं, मुझे घटना की जानकारी नहीं : रिसॉर्ट मालिक
- भास्कर ने रिसॉर्ट के मालिक अंशय रॉय से बात की तो उन्होंने घटना की जानकारी होने से इनकार कर दिया। रॉय ने कहा कि मैं अभी बाहर हूं। इस बारे में रिसॉर्ट के मैनेजर से बात कर लें। हालांकि रिसॉर्ट के मैनेजर ने रिपोर्टर का फोन रिसीव नहीं किया। इधर, परिजन की शिकायत पर खुड़ैल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।