पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बीजापुर में 2 महिलाओं समेत 11 नक्सली पकड़े गए, बारात में छुपकर भाग रहे थे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बीजापुर। रविवार को दंतेवाड़ा में आईईडी ब्लास्ट की घटना के बाद सोमवार को बीजापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यहां 2 महिलाओं समेत 11 जवानों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन सबके खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं। ये कार्रवाई डीआरजी ने की है। नक्सली एक बारात में आए थे और वहां से छुपकर भाग रहे थे। 

 

- पकड़े गए नक्सलियों ने तुमला के बीच नाले के पास जवानों से भरी मिनी बस को निशाना बनाया था, जिसमें दो जवान शहीद हो गए थे, जबकि 7 घायल हुए थे। पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने बताया कि कुटरू थाना क्षेत्र से दो महिला समेत 11 नक्सलियों को पकड़ा गया है। कुटरू थाना क्षेत्र के तहत दरभा गांव में नक्सलियों ने सरपंच सोमारू राम मंडावी की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। हथियार बंद नक्सली दरभा गांव पहुंचे थे और उन्होंने मंडावी पर कुल्हाड़ी और डंडे से हमला कर दिया था। मंडावी की हत्या करने के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए थे। तभी से इन नक्सलियों की तलाश की जा रही थी। तीन दिन पहले बारात में शामिल होकर ये नक्सली वापस जा रहे थे।  पुलिस ने बाराती वाहन को रोककर पूछताछ की, तब इन नक्सलियों की गिरफ्तारी हो सकी। 

 

दंतेवाड़ा में आईईडी ब्लास्ट में 7 जवान शहीद


- रविवार को नक्सलियों ने कोंटा इलाके में मुख्यमंत्री रमन सिंह की सभा से 2 दिन पहले सर्चिंग पर निकले छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों पर हमला किया। रविवार को नक्सलियों के आईईडी ब्लास्ट में पुलिस जीप के परखच्चे उड़ गए। हमले में कुल 7 जवान शहीद हुए हैं। इनमें से दो ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। पुलिस के मुताबिक, नक्सलियों ने ब्लास्ट के बाद जवानों पर फायरिंग की और उनके हथियार लूटकर ले गए। रोड पर धमाके के लिए करीब 50 किलो विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नक्सलियों में जवानों से आमने-सामने लड़ने की ताकत नहीं है।

 

तड़प रहे जवानों पर नक्सलियों ने चलाई गोलियां 

- दंतेवाड़ा के एडिशनल एसपी जीएन बघेल ने हमले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सर्चिंग के लिए निकली जीप में 7 जवान सवार थे। नक्सलियों ने ब्लास्ट करने के बाद जवानों पर फायरिंग भी की। इतना ही नहीं वे जवानों की दो एके 47, दो एसएलआर, दो इंसास राइफल और दो ग्रेनेड लूटकर ले गए।

- डीआईजी एंटी नक्सल ऑपरेशन, सुरेंद्र राज पी ने बताया कि हमले के बाद पुलिस और सीआरपीएफ के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। नक्सलियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। ब्लास्ट में करीब 50 किलोग्राम आईईडी के इस्तेमाल की बात सामने आई है।

- जवानों का पीएम कराया गया तो डॉक्टर को उनके शरीर से गोलियां भी मिलीं हैं। नक्सलियों ने तड़प रहे जवानों को गोलियों से भून दिया था। 

 

40 किलो बारूद का इस्तेमाल 8 फीट गहरा गड्ढा हुआ

वाहन को उड़ाने के लिए नक्सलियों ने पुराना तरीका ही अपनाया। पुल के पास जब मोड़ पर गाड़ी धीमी हुई तो विस्फोट कर दिया। पुलिस अफसरों के अनुसार जिस स्थान पर नक्सलियों ने विस्फोट किया, वहां करीब 8 फीट गहरा गड्ढा हो गया है। गड्ढे और गाड़ी की दशा देखकर अफसर अनुमान लगा रहे हैं कि नक्सलियों ने विस्फोट के लिए करीब 40 किलो बारूद का इस्तेमाल किया होगा। ये बारूद पहले से प्लांट किया गया होगा और तार व बैटरी से जोड़कर ब्लास्ट कर दिया।

 

मुख्यमंत्री रमन सिंह की सभा से पहले हमला

- 22 मई को विकास यात्रा के तहत मुख्यमंत्री रमन सिंह कोंटा विधानसभा के दोरनापाल में आम सभा करेंगे। जवान इसी के मद्देनजर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने निकले थे। तभी नक्सलियों ने घात लगाकर चाेलनार इलाके में पुल के पास विस्फोट किया।

- रमन सिंह ने घटना पर दुख जताते हुए शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह हमला विकास के विरोध में हुआ है। नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।

- वहीं, गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने जवानों पर हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, ''नक्सली हमले में 6 जवानों की मौत दुखद है। आईईडी बिछाकर जवानों को निशाना बनाया गया। नक्सलियों में जवानों के साथ आमने-सामने लड़ने की ताकत नहीं है।''

 

2018 में आईईडी ब्लास्ट की बड़ी घटनाएं

09 अप्रैल:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से 5 दिन पहले नक्सलियों ने बीजापुर के पास सुरक्षाबलों की बस को ब्लास्ट कर निशाना बनाया। हमले में डीआरजी के दो जवान शहीद हो गए, जबकि 6 जख्मी हुए थे।

13 मार्च: सुकमा के पलोदी में नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर सीआरपीएफ के एंटी लैंडमाइन व्हीकल को उड़ा दिया था। इसमें 212 कोबरा बटालियन के 9 जवान शहीद हो गए थे, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हुए। बता दें कि नक्सलियों ने अकेले मार्च महीने में 6 से ज्यादा बार जवानों पर हमले किए। 5 आईईडी ब्लास्ट में सुरक्षाबलों के 9 जवान शहीद हुए।

खबरें और भी हैं...