पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबीजापुर। जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के मिरतुर इलाके में जवानों को निशाना बनाने के लिए माओवादी द्वारा लगाए गए आईईडी की चपेट में दो स्कूली छात्र आ गए। आईईडी विस्फोट में जहां एक मासूम ने मौके पर दम तोड़ दिया वहीं दूसरा बुरी तरह से घायल हो गया। मामले में चौंकाने वाला पहलू यह है कि घटना 29 अप्रैल की है, लेकिन 17 मई को घायल बालक को इलाज के लिए जिला हास्पिटल लाया गया। इतने दिनों तक घायल बालक का इलाज घर पर ही किए जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों के डर के चलते न तो मृतक और न ही घायल के परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
- मिली जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल को मिरतुर में बेचापाल बाजार जाने के दौरान आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आकर 12 वर्षीय संजय ओयामी की मौत हो गई, वहीं 11 वर्षीय बबलू कड़ती घायल हो गया। इस मामले की एफआईआर 17 मई को मिरतुर थाने में दर्ज कराई गई। बताया गया है कि स्कूली बच्चे मिरतुर से बेचापाल बाजार जा रहे थे तभी उनके पैर के पास विस्फोट हुआ। संजय का अंतिम संस्कार कर दिया गया है जबकि बबलू का इलाज जिला हॉस्पिटल में चल रहा है।
अस्पताल लाने के बाद खुला मामला
- परिजन घायल बबलू का इलाज घर पर ही कर रहे थे। करीब 19 दिन बाद भी बबलू की हालत में सुधार नहीं हुआ तो परिजन उसे लेकर 17 मई को जिला अस्पताल आए। यहां आने के बाद मामले का खुलासा हुआ और एफआईआर दर्ज कराया गया।
- ध्यान देने वाली बात है कि जवानों को निशाना बनाने के लिए लगाए गए आईईडी की चपेट में आकर अक्सर बेजुबान जानवरों के अलावा निर्दोष ग्रामीणों की मौत होती रहती है। इस घटना से पूर्व भी स्कूली छात्रा मुचाकी अनिता के ब्लास्ट में परखच्चे उड़ गए थे। अभी तक सैकड़ों निर्दोष लोग इस तरह की घटनाओं में मारे जा चुके हैं।
नक्सलियों ने भाजपा नेता समेत दो की हत्या की
नकुलनार/बचेली में सड़क निर्माण का विरोध कर रहे नक्सलियों ने भांसी में शुक्रवार को भाजपा नेता जयदेव नाग की हत्या कर दी। सात गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया। इससे पहले कुआकाेंडा के फूलपाड़ में नक्सलियों ने लिंगा नामक ग्रामीण की हत्या कर दी। ग्रामीण के बेटों पर नक्सलियों को मुखबिरी का शक था। दो दिनों में नक्सलियों ने दंतेवाड़ा जिले में जमकर उत्पात मचाया। दंतेवाड़ा और बचेली के बीच भांसी में शुक्रवार की सुबह नक्सलियों ने दो अलग-अलग जगह उत्पात मचाते सड़क निर्माण कार्य में लगे वाहनों को क्षतिग्रस्त कर आगजनी कर दिया। नक्सलियों को देख वहां मौजूद भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष और पंच जयदेव नाग भाग खड़े हुए।
नक्सलियों ने उन्हें दौड़ाया और पूछताछ के बाद उसकी हत्या कर दी। नक्सलियों ने यहां टिप्पर, ट्रैक्टर और मोटरसाइकिलों में आग लगा दी। एक अन्य घटना में गुरुवार की रात नक्सलियों ने फूलपाड़ गांव में लिंगा नामक ग्रामीण की हत्या कर दी। दो साल पहले नक्सलियों ने जनअदालत लगाकर लिंगा की उसके दो बेटों समेत पिटाई की थी और उसके बेटों को गांव छोड़ने का फरमान सुनाया था।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.