पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पिता ने पीटा तो दो मंजिला मकान की छत से कूद गई 12 साल की बेटी, वीडियो हुआ वायरल

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नीमराना (अलवर/राजस्थान). यहां के विजय बाग में पिता की बेरहम पिटाई से घबराई 12 वर्षीय बेटी दो मंजिला मकान की छत से नीचे कूद गई। घायल अवस्था में उसे नीमराना के सचखंड हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया। जहां डॉक्टरों ने बताया, उसके दोनों पैरों में फ्रेक्चर हुए हैं। रीढ़ की हड्डी भी टूट गई है। गंभीर हालत में उसे जयपुर रैफर किया गया है। लड़की छत पर मोबाइल से किसी युवक से बात कर रही थी। पिता को पता चला तो उसने छत पर ही पीटना शुरू कर दिया। वह रोती हुई भागी और बिना मुंडेर की छत से नीचे कूद गई। यह घटनाक्रम पड़ोस की छत से वीडियो बना रहे युवक के मोबाइल में रिकॉर्ड हो गया।

 

गौरतलब है कि लड़की का परिवार बिहार का रहने वाला है। माता-पिता दोनों उद्योग क्षेत्र की कंपनियों में नौकरी करते हैं। दो-तीन साल से नीमराना में किराये के मकान में रह रहे हैं। पुलिस ने पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की और रात को छोड़ दिया। सबसे बड़ी बात, घटना के दौरान पुलिस को सूचना देने के लिए लोगों ने थाने में फोन किया। वहां लैंडलाइन नंबर बंद था। मीडियाकर्मियों ने एएसपी नीमराना हिमांशु से संपर्क किया तो कॉल का जवाब नहीं आया। घटना के करीब तीन घंटे बाद एएसपी सचखंड हॉस्पिटल पहुंचे। जबकि घटना स्थल उनके कार्यालय से डेढ़ किमी और हॉस्पिटल एक किमी दूर है।

 

पिटाई का वीडियो बनाता रहा युवक

 

छत पर संतोष जब बेटी की पिटाई कर रहा था तो कई पड़ोसी भी छत पर आ गए। एक युवक पिटाई का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान लड़की दौड़ते हुए नीचे कूद गई और पूरी यह सब वीडियो में कैद हो गया। युवक ने बाद में ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी डाल दिया। जिस पर कई लोगों ने आपत्तिजनक कमेंट्स भी डाले।


पुलिस बोली-लड़की ने डर के कारण छत से गिरने की बात कही

 

नीमराना थाना प्रभारी ने बताया, सचखंड हॉस्पिटल में भर्ती लड़की के बयान लिया गया। उसने बताया कि वह छत पर मोबाइल से पड़ोस के युवक से बात कर रही थी। मेरे पापा को पता चल गया और इससे मैं डर गई और छत से नीचे गिर गई। जो वीडियो वायरल हुआ है उसे देखकर जो भी कार्रवाई बनेगी, वह की जाएगी।

 

पड़ोसियों ने पहुंचाया हॉस्पिटल

लड़की की चीख-पुकार और नीचे गिरने की आवाज सुन पड़ोसी दौड़कर बाहर आए। लड़की अचेत पड़ी थी। उसे किरायेदारों ने सचखंड हॉस्पिटल के ट्रॉमा में भर्ती कराया। जहां से देर रात उसे गंभीर हालत में जयपुर रैफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय लड़की का पिता शराब के नशे में था।

 

पुलिस थाने का टेलीफोन कटा हुआ है

 

लड़की के गिरकर घायल होने पर जुटी भीड़ में काफी लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मीडिया के लोग भी मौके पर पहुंचे लेकिन थाने का लैंडलाइन टेलीफोन रिसीव नहीं हुआ। बाद में पता चला कि भुगतान नहीं होने से यह बंद पड़ा है। मोबाइल नंबरों पर पुलिस अधिकारियों ने कॉल रेस्पोंड नहीं किए। करीब तीन घंटे बाद थाना अधिकारी हितेश शर्मा सचखंड हॉस्पिटल पहुंचे और लड़की के संबंध में जानकारी जुटाई।