पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंधमतरी। अर्जुनी थाना इलाके में मंगलवार को सड़क दुर्घटना में 12 साल की बच्ची की मौत हो गई जबकि उसके पिता घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर इतना आक्रोश था कि उन्होंने हाईवा को आग के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले को नियंत्रण में लिया। उसके बाद बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बेटी की दोनों आंखें दान करने का लिया फैसला
- बेटी को खोने के गम के बीच घायल पिता ने मिसाल पेश करते हुए वास्तिका ध्रुव की दोनों आंखें दान करने का फैसला लिया। उनका कहना है कि बेटी भले ही न रही पर उसकी आंखें हमेशा दुनिया देखती रहें, इसलिए हमने परिवार की सहमति से यह फैसला लिया है। जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. जेएस खालसा ने आंखें सुरक्षित निकाल रायपुर मेकाहारा भिजवा दी।
- घटना अर्जुनी थाना इलाके की है। जिला मुख्यालय से 5 किमी दूर कोलियारी में सुबह 8 बजे मोहन ध्रुव अपनी 12 साल की बेटी वास्तविका ध्रुव को साइकिल पर लेकर बठेना से भुइना गांव जा रहे थे। कोलियारी के पास तेज रफ्तार हाईवा ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। मोहन ध्रुव को चोटें आईं। स्थानीय लोगों को आते देख हाईव चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मोहन ध्रुव को 108 संजीवनी से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं ग्रामीणों में इस दुर्घटना को लेकर जबरदस्त गुस्सा है।
- ग्रामीणों ने हाईवा को आग के हवाले कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर पिछले 3 सालों में 8 से ज्यादा हादसे हो चुके हैं। इसमें कई लोगों की जानें चली गईं हैं। इस मार्ग के अलावा रिहाइशी इलाके से अलग एक दूसरा मार्ग है जो जर्जर हो चुका है। ग्रामीण इस मार्ग को ठीक कराने और शुरू कराने के लिए प्रशासन को कई बार आवेदन दे चुके हैं।
- ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को इस बात से फर्क ही नहीं पड़ता है कि यहां कोई जिए या मरे। इधर मामले की जानकारी पर मौके पर अर्जुनी पुलिस थाने की टीम पहुंची, लेकिन कोई उनकी बात सुनने को तैयार नहीं था। पहले हाईवा पर पानी फेंककर उसकी आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय प्रशासन के कई लोग आए और काफी समझाइश के बाद भीड़ को काबू कर सके।
कंटेंट/ फोटो : अजय देवांगन
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.