- Hindi News
- National
- Khuti News 1936 Applications Were Received In The Sarkar Aapke Dwar Program Held In February Execution Of 950 Cases
फरवरी में आयोजित सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में 1936 आवेदन आए, 950 मामलों का निष्पादन
जिले में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत लोगों को लाभ मिलता भी नजर आ रहा है। अपनी समस्याओं को लेकर जो ग्रामीण समाहरणालय और प्रखंड कार्यालय तक नहीं पहुंच पाते थे। अब सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जिला के वरीय अधिकारी गांव पहुंच रहे हैं। जहां ग्रामीण अपनी शिकायतें दर्ज कर रहे हैं। जिन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रखंड कार्यालयों के चक्कर लगाते थक जाते थे अब उनका काम आसानी से एक आवेदन में ही निष्पादित हो रहा है। फरवरी माह में जिले के सभी प्रखंडों में 8 कार्यक्रम आयोजित किए गए । जिसमें 1936 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें से 950 आवेदनों का निष्पादन भी कर दिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 717 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिसमें से 38 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। पेंशन मामले में 251 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 23 मामलों का निष्पादन कर दिया गया है। राशन कार्ड के 166 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 35 का निष्पादन किया जा चुका है। स्वास्थ्य मामले में 498 मामले आए थे जिसमें सभी 498 मामले का निष्पादन किया जा चुका है। पेयजल एवं स्वच्छता के तहत 23 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 8 का निष्पादन किया जा चुका है। मनरेगा के 174 मामलों में से 149 तथा विद्युत विभाग के 6 मामले मे से दो का निष्पादन किया जा चुका है। जिला प्रशासन द्वारा सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में पंचायत स्तर पर एकत्र किए गए आवेदनों को जिला स्तर पर एक मॉनिटरिंग टीम बनाई गई है।
जिसका नोडल पदाधिकारी सुजीत गोस्वामी को बनाया गया है। टीम द्वारा प्रत्येक शिकायतों का शिकायत नंबर सृजित कर उपायुक्त के माध्यम से संबंधित विभाग को समस्या निराकरण लिए भेजा जाता है। जिला प्रशासन द्वारा सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में एकत्रित किये गए आवेदनों की ट्रेकिंग भी की जाती है। इसी के फलस्वरूप फरवरी माह में प्राप्त 1936 आवेदनों में से 950 आवेदनों का त्वरित निष्पादित कर ग्रामीणों को लाभ दिया गया है। नोडल पदाधिकारी सुजीत गोस्वामी ने बताया कि 4 मार्च को खूंटी प्रखंड के बरुडीह, 7 मार्च को तोरपा के बारकुली पंचायत, 11 मार्च को खूंटी प्रखंड के मारंगहादा के भूत गांव में, 14 मार्च को मुरहू प्रखंड के बिचना में तथा 18 मार्च को अड़की प्रखंड के सिंदरी मे, 21 मार्च को कर्रा प्रखंड के जुरदाग पंचायत में, 25 मार्च को रनिया प्रखंड के बनाई पंचायत के लोहागड़ा में तथा 28 मार्च को कर्रा प्रखंड के हाकाजांग के सिलापत गांव में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित होंगे।