200 कराेड़ रु. भरने के बाद भी डीवीसी ने काटी 18 घंटे बिजली
झारखंड बिजली वितरण निगम अाैर डीवीसी के बीच बकाया भुगतान काे लेकर चल रहा विवाद थम नहीं रहा है। चाैथे दिन भी डीवीसी ने अपने कमांड एरिया के सात जिलाें में 18 घंटे की बिजली कटाैती की। इससे इन जिलाें में बिजली का गंभीर संकट पैदा हाे गया है। इसी बीच निगम ने शुक्रवार काे 200 कराेड़ रुपए डीवीसी प्रबंधन के खाते में ट्रांसफर कर दिया है। 200 कराेड़ रुपए शनिवार काे देने की बात कही है। निगम ने डीवीसी प्रबंधन से बिजली कटौती बंद करने का आग्रह किया है। वहीं डीवीसी के काॅमर्शियल चीफ इंजीनियर देवाशीष डे ने कहा कि पैसे ताे मिल गए हैं, लेकिन बिजली कटाैती बंद करने के लिए प्रबंधन की अाेर से अब तक काेई अाधिकारिक निर्देश नहीं मिला है। इसलिए तय शेड्यूल के हिसाब से बिजली कटाैती जारी है।
शिक्षा मंत्री ने चेताया-बिजली कटौती तत्काल बंद करे डीवीसी
रांची| बिजली कटाैती पर शिक्षा मंत्री जगरनाथ महताे ने कहा-डीवीसी केंद्र के इशारे पर काम कर रहा है। राज्य की जमीन, काेयला अाैर पानी का इस्तेमाल कर डीवीसी हमें ही अांख न दिखाए। तत्काल कटौती बंद करे वरना राज्य के संसाधनाें का उपयाेग नहीं करने देंगे। रघुवर सरकार में भी डीवीसी का अरबाें बकाया था, लेकिन तब बिजली काटने की हिम्मत नहीं हुई। हेमंत सरकार बने तीन माह ही हुए हैं अाैर केंद्र ने परेशान करना शुरू कर दिया। उधर, सदन में माले विधायक विनोद सिंह ने कहा कि सरकार तुरंत एक्शन ले। इस पर संसदीय कार्यमंत्री ने कहा कि शनिवार को समाधान हो जाएगा।