एक माह से संगीत सीख रहे 21 विदेशी, कोरोना के डर से मोहल्ले में हड़कंप
रांची | सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित गंगानगर में रहने वाले संगीतकार मृणाल पाठक के घर में रहकर संगीत सीखने वाले 21 विदेशी लोगों को देखकर मोहल्ले के लोग काफी घबरा गए। मोहल्ले के लोगों को कोरोना वायरस का डर सता रहा था। यही वजह है कि शुक्रवार को देर शाम मोहल्ला के लोग एकजुट हुए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विदेशी नागरिकों के बारे में जानकारी जुटाई। सुखदेव नगर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मृणाल पाठक संगीत के शिक्षक हैं और देश विदेश में घूम कर संगीत सिखाते हैं। उनके घर में रहकर इराक और उज्बेकिस्तान समेत अन्य कई देशों के कुल 21 लोग संगीत की शिक्षा ले रहे हैं। शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने अचानक काफी संख्या में विदेशी नागरिकों को देखा तो वह घबरा गए। लोगों को कोरोना वायरस का डर सता रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृणाल पाठक से जानकारी ली। थाना प्रभारी ने अभी बताया कि पूरे मामले में मृणाल पाठक से सभी विदेशी नागरिकों का नाम और वह किस देश से उनके घर पहुंचे हैं इसके बारे में विस्तृत जानकारी मांगी गई है। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।