पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंकवर्धा/बोड़ला. कवर्धा जिले के चिल्फी घाटी में मेटाडोर पलटने से सात लोगों की मौत हो गई, वहीं 25 घायल हो गए। इनमें से गंभीर रूप से घायल 9 लोगों को रायपुर रेफर किया गया है। हादसा शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब ये ग्रामीण मेटाडोर में सवार होकर मध्यप्रदेश के बालाघाट से लौट रहे थे। ड्राइवर शराब के नशे में था और अंधे मोड़ पर उसने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। पुलिस ने फरार ड्राइवर पर जुर्म दर्ज कर लिया है।
38 गांववाले सवार थे मेटाडोर पर
कवर्धा के बोड़ला ब्लॉक के कामाडबरी गांव के आदिवासी परिवार सामूहिक पूजा में शामिल होने के लिए मध्यप्रदेश के बालाघाट के गांव खूंटापानी गए थे। वहां से मेटाडोर में सवार होकर 38 ग्रामीण अपने गांव लौट रहे थे, तभी चिल्फी से 2 किमी दूर अंधे मोड़ पर तेज रफ्तार वाहन बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में कामाडबरी की बिसनी बाई पति ओझा गोंड (50), सखाराम पिता रामगंगा गोंड (55), ढोलिया बाई (55), दियाली पिता तोकसिंह, सोनबती पिता जगीराम, संतू पिता बखारी (45) निवासी कुई और झूलीबाई पति गलीराम गोंड (50) निवासी काशीपानी की मौके पर ही मौत गई। कवर्धा एएसपी अनंत साहू ने बताया, फरार मेटाडोर चालक पर जुर्म दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
एंबुलेंस नहीं आई, एक घंटे बाद निजी वाहनों से लाए गए घायल
हादसे के बाद घायल ग्रामीण लहूलुहान हालत में सड़क किनारे ही पड़े थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं कर सकी। करीब एक घंटे बाद घायलों को निजी वाहनों से बोड़ला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला और कवर्धा के जिला अस्पताल लाया गया। यहां से 9 गंभीर घायलों को रायपुर रेफर कर दिया गया है।
फोटो : राजेश कुमार जायसवाल
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.