पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल/जबलपुर. बरगी हिल्स के पास निर्माणाधीन होटल की चौथी मंजिल ढह जाने से दो मजदूरों की मौत हो गई थी। दोनों मजदूरों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। कलेक्टर छवि भारद्वाज ने इस संबंध में निर्देश दे दिए हैं। पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच की जाएगी। वहीं घायल मजदूरों का सरकारी खर्चे पर इलाज भी कराया जाएगा। घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर-एसपी और राज्यमंत्री शरद जैन, महापौर स्वाति गोडबोले आदि जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे थे। वहीं घायलों को देखने अधिकारी मेडिकल अस्पताल गए।
4 पर प्रकरण दर्ज, 3 गिरफ्तार
-एएसपी ग्रामीण संजय साहू के अनुसार प्राथमिक जांच के बाद होटल ग्रैंड कौशल्या प्रोजेक्ट के मालिक, लेबर कॉन्ट्रेक्टर संतोष शिवहरे, सचिन उर्फ सत्येन्द्र ठाकुर और रवि रजक के खिलाफ धारा-304 का अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ प्रारंभ कर दी है। बताया जाता है कि प्रोजेक्ट के आर्कीटेक्ट शैलेष नेमा हैं। एएसपी श्री साहू के अनुसार भवन मालिक कौन था ये दस्तावेजों की जांच के बाद पता चल सकेगा।
लापरवाही बरतनें वालों की जांच
-मजिस्ट्रियल जांच में कई बिंदुओं को तय किया गया है। इसमें निर्माण के दौरान ठेकेदार ने मजदूरों को सुरक्षा उपाय अपनाने वाली सामग्री दी थी या नहीं। निर्माण में उपयोग की जा रही सेंन्ट्रिग सही तरीके से लगी थी या नहीं। मजदूरों का श्रमिक पंजीयन कराया गया या नहीं। घटना के वक्त मौके पर इंजीनियर और अन्य ठेका कंपनी के कौन-कौन लोग मौजूद रहे। मजदूरों की सुरक्षा संबंधी उपाय अपनाए गए या नहीं। इसी तरह के अन्य बिंदुओं पर जांच की जाएगी। श्रम विभाग के नियमों का पालन किया गया या नहीं। नगर निगम, जिला प्रशासन से भवन निर्माण से जुड़ी एनओसी, नक्शा आदि की जांच भी की जाएगी।
मजदूरों का आरोप, नौसिखिए इंजीनियर को दिया प्रोजेक्ट
-तिलवारा थाने के सामने बनाई जा रही होटल ग्रैंड कौशल्या का जिम्मा इंजीनियर शैलेष नेमा को सौंपा गया था। लेकिन घायल मजदूरों का आरोप है कि इंजीनियर ने मौके पर होटल बनवाने का जिम्मा नौसिखिए इंजीनियरों को सौंप दिया था। इसी वजह से 40 फीट की ऊंचाई पर डाला जा रहा स्लैब बीम सहित धराशायी हो गया।
इसलिए भरभरा गया सीमेंट-लोहे का स्लैब
-घायल कमल सिंह, गनेश पटेल ने बताया कि नए इंजीनियरों ने ठेकेदारों के साथ 40 फीट की ऊंचाई पर 25 फीट लंबा 40 फीट लंबा स्लैब डालने की तैयारी की। यह स्लैब डालने से पहले लकड़ी की बल्लियां व लोहे की प्लेट की 3 सेंटिंग एक के ऊपर एक लगाईं गईं। सभी बीमों को सेंटिंग लगाकर मोटे कांक्रीट पिलर से जोड़ दिया गया। सुबह 11 बजे से इस साइट पर 12-15 मजदूर स्लैब डालने लगे। इस बिल्डिंग की 2 बीम भरने के बाद तीसरी का काम चल रहा था। दो बीमों की भराई के बाद तीसरी बीम डाली जा रही थी, तभी अचानक कोई बल्ली टूट गई या कांक्रीट पिलर से सेंटिंग निकल गई और भरभराकर पूरा स्लैब बीमों सहित बैठ गया।
40 फीट नीचे गिरे मजदूर
-मजदूरों को दौड़ते-भागते देखकर सड़क से गुजरते कुछ लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। वहीं तिलवारा थाना से पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। कुछ देर में करीब 40 फीट से गिरे 13 मजदूर मलबे से बाहर निकाल लिए गए।
रात तक चला बचाव कार्य
पुलिस ने घटना की सूचना कंट्रोल रूम को देकर 108 एम्बुलेंस बुलाई और मलबे से निकले घायलों को मेडिकल अस्पताल भेजा। इसके बाद घटनास्थल पर रात 8 बजे तक आपदा प्रबंधन और होमगार्ड के जवानों का दल बचाव कार्य करने में जुटा रहा। क्रेडाई एसोसिएशन अध्यक्ष गिरीश खरे, बिल्डर सरबजीत सिंह मोखा, शरद बरसैंया आदि भी मौके पर पहुंचे।
मेडिकल में मिला इलाज
-तिलवारा थाने के सामने निर्माणाधीन बिल्डिंग का स्लैब गिरने और 30 मजदूरों के घायल होने की खबर पाकर मेडिकल अधीक्षक डॉ. राजेश तिवारी, डीन डॉ. नवनीत सक्सेना ने कैजुअल्टी में अतिरिक्त डॉक्टरों की टीम तैनात कर दी। इससे घायलों को मेडिकल में पहुंचते ही इलाज मिला। हालांकि इस घटना में घायल 22 मजदूरों में से 5 की हालत गंभीर है।
ये 22 मजदूर घायल
. बसंतीबाई गौड़ (40) पड़रिया, कुंडम
. प्रतिमा देवी यादव (34) नयागांव, रामपुर
. शिवकुमार झारिया (29) चेरीताल
. लक्ष्मीबाई गौंड (26) बड़ैयाखेड़ा, बरगी
. जुगलकिशोर मरावी (35) तिलवाराघाट
. रूपेश कंजर (42) कंजड़ मोहल्ला
. नरेश नेताम (35) ग्राम बम्हनी, बरगी
. फूलझर बाई गौंड (30) संगम कालोनी, बल्देवबाग
. शांतिबाई गौंड (20) दीनदयाल चौक
. पुनियाबाई गौंड (34) ग्राम गुड़गुड़ी, कुंडम
. भागवती बाई गौंड (35) ग्राम खुख्खम, कुंडम
. मिथिलेष समुन्द्रे (26) कंजड़ मोहल्ला
. कालू पटेल (32) ग्राम लोहारी, माढ़ोताल
. बिहारीलाल गौंड (37) साईंनगर, रामपुर
. गणेश पटेल (29) कंजड़ मोहल्ला
. कु. क्रांति ठाकुर (17) बढ़ैयाखेड़ा, बरगी
. कमल सिंह मरावी (19) नयागांव, घंसौर, सिवनी
. भूरीबाई गौंड (25) चुंगी, संजीवनी नगर
. कु. रंजना कुशराम (20) साईंनगर, रामपुर
. लक्ष्मीबाई ठाकुर (25) जम्होरी, कुंडम
. भोला गिरियाम (33) नयागांव, घंसौर, सिवनी
. कु. कविता (20) निवासी जानकारी अप्राप्त।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.