पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पैसे खर्च कर खाने के साथ लें 7.8 तीव्रता के भूकंप का मजा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भूकंप की स्थिति में लोग जान बचाकर भागना ही पसंद करेंगे। मगर कुछ लोग ऐसे भी हैं जो भूकंप को महसूस करने के लिए पैसे खर्च कर रहे हैं। जी हां, स्पेन के शहर लोरेट डी मर स्थित ‘डिजास्टर कैफे’ में लोग लजीज खाने के साथ-साथ 7.8 तीव्रता के भूकंप का अनुभव भी ले रहे हैं।


आप सोच रहे होंगे कि डिजास्टर कैफे में कम ही लोग जाते होंगे लेकिन आपको जानकर आश्चर्य होगा कि यहां पर बिना एडवांस बुकिंग के सीट मिलना तक नामुमकिन है। बाहर से साधारण सा दिखने वाला यह कैफे अंदर से लाजवाब है। कैफे के ग्राउंड फ्लोर पर बच्चों के लिए एलियन थीम का रेस्त्रां है जोकि एक स्पेसशिप जैसा दिखता है। वीकेंड्स पर बच्चों के लिए यहां खास आयोजन भी होते हैं।

वहीं नौजवानों का इलाका अंडर ग्राउंड बना हुआ है। धरती के नीचे बने इस रेस्त्रां को एक गुफा के आकार का बनाया गया है। यहां सबकुछ बिल्कुल चौंकाने वाला है। सेफ्टी हेलमेट और औजार लिए आपका स्वागत करता स्टाफ। खाने की चीजों का वजन उम्मीद से ज्यादा भारी। और आखिर में खाने के बाद आता है भूकंप जिसके लिए लोग वहां जाते हैं। ऐसे में लोग खुद को संभालने के साथ ही अपना खाना संभालने में जुट जाते हैं।