कटिहार. भारतीय सेना में पदस्थापित कैप्टन शिखरदीप जो कटिहार से दिल्ली के लिए चला था रास्ते से ही गायब हो गया है। काफी खोजबीन करने के बाद भी कैप्टन का पता नहीं चलने पर परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए रेल थाना कटिहार में प्राथमिकी दर्ज कराई है। रेल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई बिंदुओं पर जांच आरंभ कर दी है।
कैप्टन शिखरदीप के पिता अनंत कुमार कटिहार रेल एसपी से मिलकर इस संबंध में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। दो साल पूर्व सेना के नौकरी में बहाल हुआ 24 वर्षीय कैप्टन शिखरदीप मूल रूप से पूर्णिया महेंद्रपुर का रहने वाला है और उसका परिवार कटिहार के ललियाही में रह रहा है। उसके पिता अनंत कुमार भी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं और रांची में पदस्थापित हैं। कैप्टन शिखरदीप जम्मू-कश्मीर में पदस्थापित हैं। एक माह पूर्व वह छुट्टी पर आए थे।
6 फरवरी को महानंदा एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हुए। शिखरदीप के परिजनों के मुताबिक, 6 तारीख की रात तक उसकी बातचीत हुई, लेकिन जब ट्रेन दिल्ली पहुंची तो वह ट्रेन में नहीं था। जबकि उसका सामान बर्थ के नीचे यथावत था। बताया जा रहा है कि कैप्टन का मोबाइल लोकेशन नाललंदा मिल रहा है।
अपहरण की आशंका
थक-हारकर पिता लेफ्टिनेंट कर्नल अनंत कुमार ने दो दिन बाद रेल एसपी कटिहार जितेंद्र मिश्रा से मिलकर मामले की जानकारी देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पिता अनंत कुमार को आशंका है कि उसके बेटे के अपहरण के पीछे कोई बड़ी साजिश हो सकती है।
कानपुर में अंतिम बार देखे गए शिखरदीप
कटिहार एसपी जितेन्द्र मिश्रा ने बताया कि शिखरदीप के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाला जा रहा है। बेडरोल कर्मी के अनुसार उसे अंतिम बार कानपुर में देखा गया है। रेल एसपी ने बताया कि भारतीय सेना का महत्वपूर्ण अधिकारी होने के नाते हम सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रहे हैं।