जमुई. टाउन थानाक्षेत्र के बोधवन तालाब के पास सोमवार की देर रात नक्सलियों द्वारा पेड़ और बिजली पोल से धागा बांध कर दर्जनों पोस्टर टांग दिए गए। नक्सलियों ने पोस्टर में 5 जनवरी को जंगल में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ को झूठा बताते हुए लोकसभा चुनाव से पहले पांच पुलिस अधिकारियों की हत्या कर देने की धमकी दी है। पोस्टर मंगलवार की सुबह ट्यूशन जाने वाले छात्रों ने देखा। फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस पोस्टर जब्त कर मामले की छानबीन कर रही है।
क्या लिखा है पोस्टर में
पोस्टर में इनामी नक्सलियों की सूचना छिपाने वाले को इनाम देने की घोषणा की गई है। जबकि पुलिस पर हमला करने एवं हत्या करने वाले नक्सलियों को 20 से 40 लाख तक का इनाम देने की बात लिखी गई है।
पोस्टर से है क्षेत्र में दहशत
टाउन थाना से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर नक्सलियों द्वारा दर्जनों पोस्टर चिपका कर पुलिस को खुली चुनौती देने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। इससे पहले भी नक्सलियों ने शहर के व्यस्त जगहों पर पोस्टर चिपकाने की हिमाकत दिखा चुके हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
नक्सलियों का मनोबल टूटा है इसलिए वे बौखलाए हुए हैं। नक्सली इस तरह पोस्टर चिपका कर अपनी कायरता का परिचय दे रहे हैं। यदि वे फर्जी मुठभेड़ है तो पुलिस से लूटे गए हथियार कहां से बरामद हुए हैं। नक्सली बेमतलब की बात कर रहे हैं। जिस क्षेत्र में पोस्टर चिपकाया गया है वहां के कुछ सफेद पोस लोगों का भी इसमे हाथ है, जिन्हें चिन्हित कर लिया गया है। कुछ दिन पहले इन्हीं लोगों द्वारा थाने का घेराव भी कराया गया था। ऐसे लोग नक्सलियों से भी संबंध रखते हैं।
जीतेंद्र राणा, एसपी, जमुई
आगे देखें घटना से संबंधित तस्वीरें
सभी फोटो- गौतम कुमार