भागलपुर/शाहकुंड. भागलपुर-बांका जिले की सीमा पर अमरपुर थाना क्षेत्र के प्रेमचक कुशमाहा में दरिंदों ने शनिवार शाम को छठी कक्षा की एक छात्रा से पहले दुष्कर्म किया फिर गला दबाकर हत्या कर दी। शव की पहचान छिपाने के लिए चेहरे को चाकुओं से गोद डाला। इसके बाद शव को बहियार के धोबहट्टर तालाब के किनारे गाड़ दिया।
छह के खिलाफ मामला दर्ज
रविवार सुबह लोगों की नजर लाश पर पड़ी। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन कर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने घटनास्थल के बगल में देसी ईंट बनाने का काम कर रहे कुशमाहा निवासी युवक वरुण सनगई को हिरासत में ले लिया। इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने उसे पुलिस हिरासत से खींचकर पिटाई शुरू कर दी। पुलिस माफी मशक्कत के बाद उसे भीड़ से बचाकर थाना ले गई। इस मामले में पुलिस वरुण और उसके पांच साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाजार गई थी किशोरी
गांव के नीतीश मंडल इलाज के लिए कोलकाता गए हुए हैं। शनिवार की शाम पांच बजे उनकी बेटी 13 वर्षीय बेटी साजन कुमारी प्याज खरीदने पास के बाजार में गई थी। बाजार से वह पगडंडी के रास्ते लौट रही थी। इसी दौरान दरिंदों ने पकड़कर उसके साथ दुष्कर्म किया। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की मगर वह नहीं मिली।
सरसों के खेत से मिला प्याज
पुलिस को घटनास्थल के पास ही सरसों के खेत से वह प्याज भी मिला है जो छात्रा खरीदकर ले जा रही थी। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिया गया युवक नशेड़ी है। पुलिस ने उसके पास से गांजा भी बरामद किया है। पुलिस ने उसके घर भी छापेमारी की जहां से मिट्टी लगा हुआ चप्पल बरामद हुआ। बांका के डीएसपी शंकर कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
इनका है कहना
अमरपुर के थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी रमेश कुमार ने कहा कि मां के फर्द बयान पर वरुण और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। चप्पल को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है।