(कैमरे में कैद हुए आग लगाते अपराधी।)
भागलपुर. ठंड में सुस्त पुलिसिंग का फायदा उठाते हुए अपराधियों ने तीन कारों पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। धू-धू कर तीनों वाहन जल गए।
तीन बाइक पर सवार होकर आए छह अपराधियों ने गुरुवार आधी रात को शहर के भीखनपुर गुमटी नंबर दो के मिश्रा लेन में घटना को अंजाम दिया। अपराधी प्लाटिक के जार में भर कर पेट्रोल लाए थे। अपराधियों की सारी गतिविधि मोहल्ले के एक शिक्षण संस्थान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है।
इशाकचक थाने की पुलिस ने फुटेज के आधार पर अपराधियों की सरगर्मी से पहचान करने में जुट गई है। जलाए गए वाहन मोहल्ले के शिक्षक धनंजय कुमार सिंह की ऑल्टो कार, राजीव रंजन और मीना रानी का सूमो विक्टा है।
कैसे दिया घटना को अंजाम
छह अपराधी तीन बाइक पर सवार होकर आते हैं और दो बाइक से एक-एक अपराधी पेट्रोल को वाहन पर उलेड़ देता है और माचिस की तीली जला कर फरार हो जाता है। कार में माचिस की जलती हुई तीली छोड़ते ही करीब दस मीटर उंची लपटें उठने लगती हैं और अपराधी बाल-बाल बच जाता है। आग की लपटों को देख मोहल्लेवासी जग गए और किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तबतक तीनों वाहन पूरी तरह जल कर खाक हो चुके थे।