भागलपुर. भास्कर के पत्रकार सत्यप्रकाश के साथ मारपीट व कैमरा छीनने के मामले में बुधवार को जवाहर लाल नेहरु मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अर्जुन कुमार सिंह ने तत्काल मेडिकल फाइनल टू के चार उपद्रवी छात्र को निलंबित कर दिया है और छात्रावास को चौबीस घंटे के भीतर खाली करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने निलंबित करने और प्राथमिकी दर्ज करने की अनुसंशा स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव को भेज दिया है। हालांकि, प्रिंसिपल ने निलंबित छात्रों के नामों को बताने से परहेज किया है। मामले में और भी छात्रों उपद्रवी छात्रों की पहचान की जा रही है। कॉलेज प्रशासन ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। कार्रवाई के बाद मेडिकल छात्रों के बीच हडकंप मच गया है। इधर डीआईजी ने एसएसपी को जांच कर तुरंत कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
डीएम ने दिया जांच के आदेश
पत्रकार के साथ मारपीट और कैमरा छीनने की घटना में डीएम डॉ. वीरेन्द्र प्रसाद यादव ने एसडीओ और सिटी एएसपी को संयुक्त रुप से जांच कर एक रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बताया कि मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि कानून को अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं किसी को नहीं है। डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मामले में हरहाल में कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस क्लब ऑफ ईस्टर्न बिहार अध्यक्ष राजीव सिद्धार्थ के नेतृत्व में डीएम, एसएसपी और कॉलेज के प्राचार्य से मिला और पत्रकार सत्यप्रकाश पर जानलेवा हमले में नामजद आरोपी और अन्य छात्रों की पहचान कर गिरफ्तारी करने की मांग की। अधिकारियों से मिलने वालों में अनुज कुमार शिवलोचन, कौशल किशोर मिश्रा, रामप्रकाश गुप्ता, तरुण कुमार, दिलीप कुमार, संजय निधि समेत कई पत्रकारों शामिल थे।
आईजी से मिला संगठन
पत्रकार सत्यप्रकाश के हमले में शामिल मेडिकल छात्रों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अंग उत्थान्दोलन समिति बिहार-झारखंड के केन्द्रीय अध्यक्ष गौतम सुमन और युवा शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह त्यागी, महासचिव जयप्रकाश यादव ने बुधवार को आईजी बीएस मीणा से मिले। अध्यक्ष ने कहा कि यह मामला भागलपुर तक सीमित नहीं रहेगा। पत्रकार की अतित्व और अस्मिता के सवाल पर विधानसभा से लेकर सडक़ तक गुजेगा।
पत्रकार पर हमला एक निदंनीय घटना है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। छींने कैमरे को भी बरामद कर लिया गया है। नामजद आरोपियों और अन्य की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
संजय सिंह, डीआईजी, पूर्वी प्रक्षेत्र भागलपुर