भागलपुर। पति के साथ अनबन होने के बाद पीए संतोष मंडल की मदद से राजनीतिक करियर सवांर रही रुपौली (पूर्णिया) के जेडीयू विधायक बीमा भारती ने आरोप लगाया है कि उनके पति ने ही पीए की हत्या कराई है। पति के साथ संबंध बिगड़ने के बाद बीमा ने कोर्ट में तलाक की अर्जी तक दे दी थी। राज्य की राजनीति में इस मामले और अब संतोष मंडल की हत्या की चर्चा जोरों पर है। उन्होंने अपने पति के अलावा धमदाहा से विधायक लेसी सिंह पर भी आरोप लगाया है। लेसी से भी उनकी अनबन चल रही थी।
बीमा भारती का कहना है कि उनके पीए संतोष मंडल की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उनके पति अवधेश मंडल और धमदाहा जेडीयू के विधायक लेसी सिंह ने एक साजिश के तहत की है। उनका आरोप है कि न्याय की गुहार करने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी उनसे मुंह मोड़ लिया है। नीतीश न तो मिलने का वक्त दे रहे हैं और न ही फोन रिसीव कर रहे हैं। बीमा ने कहा कि पीए हत्याकांड में पुलिस की जांच पर उन्हें भरोसा नहीं है। इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री से इसकी जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। ये बातें रुपौली बीमा भारती ने शुक्रवार को भागलपुर में पोस्टमार्टम हाउस में कही।
बीमा अपने पीए संतोष मंडल की बरामद अस्थिपंजर को लेकर जांच टीम के साथ भागलपुर जवाहर लाल नेहरु मेडिकल कॉलेज पहुंची थीं। विधायक के इस आरोप से बिहार में एक बार फिर विरोधियों को बैठे बिठाए एक मुद्दा मिल गया है।
मेरी भी हो सकती है हत्या
विधायक बीमा भारती ने कहा कि उनके पीए की हत्या के बाद उनकी जान को भी खतरा है। इस आशंका के मद्देनजर वह अकबरपुर थाना में एक लिखित आवेदन देने जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी हत्या होती है, तो इसके पूर्ण जिम्मेवार अवधेश मंडल और विधायक लेसी सिंह होंगे।
आगे की स्लाइड्स में जानें क्यों और कैसे हुई संतोष की हत्या