भागलपुर. मेडिकल की फाइनल परीक्षा में सख्ती हुई तो जवाहर लाल नेहरु मेडिकल कॉलेज के छात्र गुंडई पर उतर आए। कॉलेज के एकेडमिक हेड के ऑफिस में तोड़फोड़ की, बाइक कूंच डाली।
मामले की कवरेज कर रहे ‘दैनिक भास्कर’ के पत्रकार सत्यप्रकाश से उपद्रवी छात्रों ने मारपीट की और कैमरा छीन लिया। बचाने गए बरारी के थानेदार से छात्रों ने दुर्व्यवहार किया, उनकी वर्दी खींची और पुलिसकर्मियों को खदेड़ दिया। उपद्रवी छात्र यह नहीं चाहते थे कि उनकी करतूत कैमरे में कैद हो और उनकी पहचान उजागर हो।
गंभीर रूप से जख्मी सत्यप्रकाश को पुलिस ने तत्काल जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने उनका बयान दर्ज किया जिसमें उन्होंने तीन छात्रों की पहचान का दावा किया है। पर्स और सोने से कवर किया गया रुद्राक्ष भी उपद्रवियों ने छीन लिया। छात्रों का परीक्षा सेंटर टीएनबी कॉलेज में था। नकलचियों की दाल नहीं गली तो प्राचार्य से दस मिनट अतिरिक्त समय की मांग की। इजाजत नहीं दी गई तो सेंटर परिसर में हंगामा किया।
वहां से छात्र जवाहर लाल नेहरु मेडिकल कॉलेज गए और कहानी गढ़ी कि सेंटर के कर्मचारियों ने छात्राओं को गलत नजरिए से देखा, अत: सेंटर बदला जाय। मांग को लेकर एकेडमिक हेड स्टूडेंट इंचार्ज डॉ. आलोक शर्मा के कार्यालय में तोड़फोड़ की। बरारी की पुलिस संवाददाता पहुंचे। तोड़फोड़ की तस्वीरें ले रहे संवाददाता पर दर्जनों छात्रों ने हमला कर दिया।