सासाराम. जिले के ताराचंडी धाम में पवन सिंह के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुए बवाल में लोगों ने कला-संस्कृति मंत्री विनय बिहारी की अम्बेस्डर फूंक दी। भीड़ ने जमकर पथराव किया, जिससे मंत्री समेत कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। मंत्री, पवन सिंह समेत अन्य कलाकारों व अफसरों को काफी मशक्कत के बाद वहां से सुरक्षित निकाला गया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसमें दो दर्जन से ज्यादा लोग जख्मी हो गए। लोगों ने भाजपा नेता सत्येंद्र सिंह भोला की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की।
सोमवार की देर रात पवन सिंह के कार्यक्रम के दौरान एसपी पर कुर्सी फेंके जाने से विवाद शुरू हुआ। भीड़ के बीच से किसी ने आगे बैठे एसपी चंदन कुशवाहा के ऊपर कुर्सी फेंक दी। इसके बाद बॉडीगार्ड ने भीड़ पर लाठी चलाना शुरू कर दिया। इसके बाद लोग उग्र हो गए।
आगे बैठे मंत्री व अफसरों पर पथराव किया। मंच को भी निशाना बनाया गया। कार्यक्रम बीच में ही बंद हो गया। इसी दौरान लोगों ने मंत्री की गाड़ी फूंक दी। घंटे भर चले बवाल में पुलिस व लोगों के बीच कई बार संघर्ष हुआ। खबर मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
मेला क्षेत्र को सील कर दिया गया है। स्थिति को काबू में करने का प्रयास किया जा रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पवन सिंह की आवाज ठीक से सुनाई नहीं पड़ रही थी। इसलिए एसपी पर कुर्सी फेंके।
(बवाल में लोगों ने कला-संस्कृति मंत्री विनय बिहारी की अम्बेस्डर फूंक दी)