नवादा. झारखंड के नक्सल प्रभावित कोडरमा और गिरिडीह जिले की सीमा से सटे बिहार के नवादा जिले में भाकपा माओवादी तेजी से पांव पसार रहा है। नक्सलियों ने लेवी वसूलनेे के लिए सिरदला को नया निशाना बनाया है। धुमनवा और तिलैया नदी के किनारे सुअरकोल डरबा, तेलनी, पड़रिया और पिपरहिया समेत सिरदला के आधे दर्जन बालू घाटों से बालू उठाव पर रोक लगा दिया है।
इसके चलते दो दिनों से बालू का उठाव बंद है।नक्सलियों ने बालू घाटों के मुंशी और बालू उठाव करने गए ट्रैक्टर चालकों को बालू उठाव करने से मनाही की है। नक्सलियों का फरमान है कि उनकी अनुमति के बगैर सिरदला के बालू घाटों से बालू का उठाव किए जाने का बुरा अंजाम होगा। लिहाजा, मुंशी फरार हो गए हैं और वाहनों की आवाजाही बंद है।
150 एकड़ भूमि पर खेती करने पर लगा दी है रोक
इसके पहले नक्सलियों ने सिरदला के कोरिया गांव में 150 एकड़ भूमि पर किसानों को खेती करने से पाबंदी लगा दी है। किसानों ने तेलनी के जमींदार रहे विजय सिंह से जमीन खरीदी थी, लेकिन माओवादी उस जमीन पर अपना हक जता रहे हैं। फरमान है कि माओवादियों ने जमींदार को बेदखल किया था। विगत 10 अक्टूबर को रजौली थाने के भानेखाप अबरख खदान के समीप चार ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया था। इस घटना में हरदिया के मुन्ना सिंह के तीन और लखन पंडित के एक ट्रैक्टर जलकर राख हो गए थे।
विधायक और ठेकेदारों को जन अदालत में हाजिर होने का फरमान
इधर, नक्सलियों ने भानेखाप से राशि वसूलने के आरोप में रजौली विधायक कन्हैया कुमार समेत कई ठेकेदारों को जन अदालत में हाजिर होने का फरमान सुनाया है। माओवादियों की नाराजगी है कि उनकी अनुमति के बगैर खदान की खुदाई की जा रही है। सरकारी स्तर पर भानेखाप में अबरख खदान की खुदाई बंद है। लेकिन अवैध तरीके से खुदाई जारी है। नक्सली इसपर अपना अधिकार मानते हैं। इसके पहले पननमा खदान पर हमला कर नक्सलियों ने आधे दर्जन लोगों के साथ मारपीट किया था। बहरहाल, विधायक ने पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की मांग की है। लेकिन इस दिशा में पुलिस की कार्यप्रणाली सुस्त है।
नक्सलियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। रजौली विधायक को सुरक्षा दी जाएगी। विधायक का आवेदन मिला है। जल्द ही उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।- परवेज अख्तर, पुलिस अधीक्षक, नवादा
माओवादियों की धमकी उनके लिए मायने नहीं रखता। वह उन्हें जन सेवा से नहीं डिगा सकता। जनता की सेवा के लिए वह क्षेत्र में अपना काम करते रहेंगे। - कन्हैया कुमार, विधायक, रजौली सुरक्षित, नवादा
(प्रतीकात्मक फोटो)